गढ़वाल विश्वविद्यालय में इतिहास विभाग के प्रोफेसर दिनेश सकलानी को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘केंद्र सरकार ने दिनेश प्रसाद सकलानी को एनसीईआरटी के निदेशक के रूप में पांच साल की अवधि के लिए नियुक्त किया है। इससे पूर्व प्रो. सकलानी आठ साल तक पर्यटन विभाग और गढ़वाल विश्वविद्यालय के आईएएस (प्री) कोचिंग सेंटर में अतिथि संकाय के रूप में पढ़ा चुके हैं। साथ ही इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज, शिमला में विजिटिंग फेलो भी रह चुके हैं। वर्ष 1992 में उन्हे गढ़वाल विश्वविद्यालय में व्याख्याता के रूप में नियुक्त किया गया था।

Featured Image

भारतीय इतिहास कांग्रेस के आजीवन सदस्य सकलानी की नियुक्ति ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई है जब एनसीईआरटी नए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचे को तैयार करने की प्रक्रिया में है। वर्तमान में, वह भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद द्वारा वित्त पोषित गढ़वाल हिमालय में रामायण परंपरा पर एक प्रमुख शोध परियोजना पर काम कर रहे हैं। उन्होंने पहले सीबीएसई के लिए ऐतिहासिक एटलस विकसित करने के लिए एनसीईआरटी की परियोजना पर काम किया था।