अगस्त्यमुनि/ हरीश गुसाईं

Featured Image

केदारनाथ विधानसभा से चुनाव लड़ रहे कुल 13 प्रत्याशियों में भाजपा की उम्मीदवार श्रीमती शैलारानी रावत सबसे अमीर हैं। जबकि निर्दलीय उम्मीदवार रेखा देवी सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। निर्दलीय सूरज सिंह सबसे युवा प्रत्याशी हैं तो भाजपा की शैलारानी रावत सबसे उम्रदराज प्रत्याशी हैं। निर्दलीय कुलदीप सिंह केवल आठवीं पास हैं तो पांच प्रत्याशी परास्नतक हैं, जबकि चार स्नातक तथा एक सिविल इन्जीनियरिंग से डिप्लोमा लिए हुए हैं। केदारनाथ विधान सभा में ज्यों ज्यों प्रचार में तेजी आ रही है त्यों त्यों प्रत्याशियों की शैक्षिक योग्यता एवं धन बल के साथ शराब भी मुद्दा बनता जा रहा है। हर प्रत्याशी एक दूसरे की योग्यता पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए अपने को सबसे श्रेष्ठ घोषित करने पर तुला है। अब जक केवल एक सप्ताह का चुनाव प्रचार ही बचा है तो हर प्रत्याशी अपने प्रचार तन्त्र को और तीखा बनाने लगा है। प्रत्याशियों द्वारा नामांकन के समय दिए शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार भाजपा उम्मीदवार शैलारानी रावत के पास कुल 58 लाख 92 हजार रू0 की चल सम्पति एवं 2.20 करोड़ रू0 की अचल सम्पति है। निर्दलीय कुलदीप रावत के पास कुल 58 लाख 89 हजार की चल सम्पति एवं 1.25 करोड़ की अचल सम्पति जिसमें एक बीएमडब्लू कार भी है। कांग्रेस के मनोज रावत के पास 14 लाख रू0 की चल सम्पति एवं 94 लाख की अचल सम्पति है। आप के सुमन्त तिवारी के पास 24 लाक्ष रू0 की चल सम्पति एवं 64 लाख रू0 की अचल सम्पति है। सुमन्त तिवारी पर 23 लाख रू0 देनदारी भी है। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रेखा देवी सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। उनके पास नगद राशि नहीं है जबकि बैंक में भी केवल 10 हजार रू0 हैं। तीन लाख रू0 के जेवर हैं तथा अचल सम्पति भी नहीं है। सपा के बद्रीश के पास नगद धनराशि तो नहीं है परन्तु 12 लाख की अचल सम्पति मौजूद है। वहीं निर्दलीय कुलदीप सिंह के पास 70 हजार की चल सम्पति एवं 3 लाख 60 हजार की अचल सम्पति है। निर्दलीय देवेश नौटियाल के पास एक लाख नगद एवं 27 हजार रू0 बैंक में है। इनके पास भी कोई अचल सम्पति नहीं है। निर्दलीय कुलदीप सिंह केवल आठवीं पास है। दूसरे निर्दलीय कुलदीप रावत 9वीं पास हैं। रेखा देवी हाईस्कूल पास हैं तो निर्दलीय सूरज सिंह सिविल इन्जीनियरिंग में डिप्लोमा किए हैं। सपा के बद्रीश एवं कम्युनिस्ट प्रत्याशी राजाराम स्नातक हैं। जबकि कांग्रेस के मनोज रावत एवं निर्दलीय देवेश नौटियाल एमएससी पास हैं। उक्रांद के गजपाल रावत एवं बीएसपी के श्याम लाल एलएलबी हैं तो भाजपा की शैलारावत पिपुल्स पार्टी के मनोज तिनसोलिया एमए पास हैं। केदारनाथ विधान सभा में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों में 26 वर्षीय निर्दलीय सूरज सिंह सबसे युवा प्रत्याशी हैं। निर्दलीय कुलदीप सिंह 36 वर्ष के हैं जबकि सपा के बद्रीश 37, पिपुल्स पार्टी के मनोज तिनसोलिया 38, रेखा देवी 41, देवेश नौटियाल एवं कुलदीप रावत 47 वर्ष के हैं। जबकि कांग्रेस के मनोज रावत 54, कम्युनिस्ट के राजाराम 59, बसपा के श्यामलाल 60, उक्रांद के गजपाल रावत 62 तथा भाजपा की प्रत्याशी शैलारानी रावत 65 वर्ष की हैं।