देहरादून ।। भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए सतर्कता विभाग द्वारा विकसित ‘भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड 1064’ एप का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एप का मजबूत और प्रभावी उपयोग हो। एप पर जो भी शिकायतें आएं, उनका तेजी के साथ निपटारा हो। यदि किसी शिकायतकर्ता की शिकायत विजिलेंस से संबंधित नहीं है, तो उसे सीएम हेल्पलाइन एवं संबंधित विभाग को भेजा जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता द्वारा जो शिकायत की गई है, उसके स्टेटस अपडेट की पूरी जानकारी उन्हें मिलती रहे। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के

Featured Image

सिद्धांत पर कार्य किए जाएं। जन समस्याओं का समाधान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने निदेशक सतर्कता को निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड 1064 एप का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए। आमजन को इस एप की पूरी जानकारी हो। निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा ने जानकारी दी कि एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है। प्रत्येक शिकायत रजिस्टर होगी, जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जाएगा। शिकायतकर्ता की पूरी गोपनीयता रखी जाएगी। यह एप हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में है।