देहरादून।। उत्तराखंड कांग्रेस में टूट की आशंका गरमाती दिख रही है।सीएम पुष्कर सिंह धामी से कांग्रेस के सीनियर नेताओं के मुलाकात ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। माना जा रहा है कि भाजपा कांग्रेस के विधायक का इस्तीफा कराकर पुष्कर सिंह धामी को एक बार फिर चुनावी मैदान में बस उतारने की तैयारी में है। खटीमा से धामी को विधानसभा चुनाव में हार मिली थी। अब यह खबर आ रही है कि कांग्रेस के एक नहीं, 10 विधायक टूटकर भाजपा से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं। रविवार को कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और उप नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा की थी। ऐन चुनाव से पहले कांग्रेस में गए बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे यशपाल आर्य को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। वहीं, रानीखेत विधानसभा से चुनाव हारने वाले करण माहरा को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई।

Featured Image

प्रदेश नेतृत्व में हुए फेरबदल से कांग्रेस के कई बड़े नेता नाराज हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कई विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं। बीजेपी इन विधायकों को पार्टी में शामिल करा सकती है। प्रदेश में साल 2016 की तरह दलबदल के संकेत मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस के आठ विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं। ये जल्द ही बीजेपी से जुड़ सकते हैं। इनमें 5 विधायक कुमाऊं और 3 गढ़वाल के बताए जा रहे हैं। इस तरह कांग्रेस में बड़ी बगावत होने जा रही है।यशपाल आर्य के नेता प्रतिपक्ष और करण माहरा के प्रदेश अध्यक्ष बनने से कई नेताओं के नाराज होने की खबरें आ रही हैं। ये नाराजगी कांग्रेस में बड़ी टूट की वजह बन सकती है। कांग्रेस के 10 विधायक कल देहरादून में गोपनीय बैठक करेंगे। बैठक में विधायक हरीश धामी, मनोज तिवारी, मदन बिष्ट, मयूख महर, खुशाल सिंह अधिकारी, ममता राकेश, विक्रम नेगी, राजेंद्र भंडारी शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस द्वारा उपेक्षा से नाराज कुछ विधायकों के जल्द ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने की सुगबुगाहट है।