दीपक बेंजवाल / दस्तक पहाड़ न्यूज पोर्टल -आठ गांव तीन सौ साठ तीर्थ पुरोहित समाज की आराध्य फेगू दुर्गा देवी बृहस्पतिवार सुबह से केदार पुरी तीर्थ भ्रमण आरम्भ हो गया है। ब्रह्ममूहूर्त में आज विधिवत पूजा अर्चना कर देवी को बाबा केदार के गर्भगृह से बाहर लाया गया। गर्भगृह से बाहर आने पर केदारनाथ धाम के भूम्याल रक्षपाल भैरव नाथ को देवी ने सेवाभेंट लगाईं और केदार पुरी भ्रमण की आज्ञा मांगी। प्रसन्नचित भाव से भैरवनाथ जी ने मां भगवती को भ्रमण की आज्ञा दी। मां भगवती फेगू दुर्गा देवी के केदारनाथ तीर्थ पुरोहितों ने देवी का भव्य स्तवन किया।

Featured Image

तदुपरांत देवी डोली ने केदारनाथ मंदिर की तीन परिक्रमा कर प्रथम तीर्थ स्नान के लिए स्वर्गदारी की ओर प्रस्थान किया। इस अवसर पर केदारघाटी की सुप्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट और अन्य महिलाओं द्वारा देवी के जागर गाकर देवी की महिमा का वर्णन किया जाता रहा। अपार भक्तों के साथ स्वर्गद्वारी में स्नानोपरांत मठपति दौलत सिंह दुमागा द्वारा तर्पणादि कर्म संपादित किए गए। स्वर्गद्वारी के स्नान के बाद पुनः देवी केदारनाथ मंदिर पहुंची। जहां अपने समस्त नेजा निशानों के साथ सर्वप्रथम गणपति स्तवन के बाद गर्भगृह में बाबा केदार के जलाभिषेक पूजन के लिए पहुंची। यहां केदारनाथ तीर्थ पुरोहितों ने भव्य मंत्रोच्चार से बाबा केदार की जलाभिषेक पूजा संपन्न की। तदुपरांत देव डोली और नेजा निशानों के साथ भुकुंड भैरवनाथ की दर्शन पूजा संपन्न कर पुनः केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हो गई है। शुक्रवार को भगवती दुर्गा देवी केदार पुरी का भ्रमण कर भक्तों की कुशलक्षेम पूछेगी। बता दें कि फेगू दुर्गा देवी आठ गांव तीन सौ साठ तीर्थ पुरोहित समाज के कुल आराध्य देवी है जो प्रत्येक छः साल के अंतराल के बाद अन्नकूट पर्व के अवसर पर बाबा केदार से मिलने पहुंचती है। शिव शक्ति के अद्भुत दिव्य भव्य मिलन को देखने बड़ी संख्या में इस देवरा यात्रा में शामिल होते है। दिवारा यात्रा में फेगू दुर्गा देवी मंदिर समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम तिवारी, मठपति दौलत सिंह दुमागा, विशालमणी सेमवाल, सचिव भारत भूषण बिष्ट, पुजारी राजन सेमवाल, संतोष सेमवाल, हरीश शुक्ला, रजनीश शुक्ला, पंकज बगवाड़ी, अजय जुगरान, दुर्गेश रूवाड़ी, शिशुपाल दुमागा, मोहन रूवाड़ी, जीत सिंह रावत, प्रदीप सजवाण, राजीव नेगी, सुनील नेगी समेत हकूकधारी आठ गांव तीन सौ साठ तीर्थ पुरोहित समाज के लोग साथ चल रहे है।।