राज्यपाल द्वारा 2018 के शैलेष मटियानी पुरस्कार से सम्मानित होंगे रूद्रप्रयाग के शिक्षक विनोद प्रकाश भट्ट
1 min read04/09/2022 7:15 am
माधव सिंह नेगी / दस्तक पहाड़ न्यूज ब्यूरो)- अटल उत्कृष्ट राजकीय इण्टर कॉलेज रूद्रप्रयाग के शिक्षक विनोद प्रकाश भट्ट को वर्ष 2018 के शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से शिक्षक दिवस पर राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जायेगा। हिन्दी विषय के शिक्षक विनोद प्रकाश भट्ट ने अपने अध्यापक जीवन का प्रारंभ 1998 में प्रा०वि०बीना गैरसैंण से किया। वर्ष 2007में वे एल० टी० सीधी भर्ती से रा०इ०का० चौंरिया रूद्रप्रयाग में नियुक्त हुए। वर्ष 2015 में वे स्थानांतरित होकर रा०इ०का० रूद्रप्रयाग में आए। बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री भट्ट ने अपने अब तक के कार्यकाल में अनेक विद्यालयों में अपनी सेवाएं देते हुए शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर गतिविधियों के माध्यम से छात्र/छात्राओं में जीवन कौशल निर्माण के लिए कार्य किया जिसके लिए उन्हें कई बार शिक्षा विभाग तथा गैर सरकारी संगठनों द्वारा सम्मानित किया गया। श्री भट्ट अपने शिक्षण कार्य के अतिरिक्त तन मन व धन से भी विद्यार्थियों की सहायता में आगे रहते हैं। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण इसी बात से समझा जा सकता है कि समाज के सहयोग से उन्होंने दो विद्यालय भवनों का निर्माण करवाया। गरीब बच्चों को वे समय समय पर आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं। शिक्षण को बहुआयामी और सुगम बनाने के लिए वे लम्बे समय से टी०एल०एम० के माध्यम से बच्चों को अभिप्रेरित करते आ रहे हैं। बच्चों के नैतिक विकास के लिए भी वे कतिपय शैक्षिक कार्य करते आये हैं जिस कारण अखिल भारतीय गायत्री परिवार द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया। श्री भट्ट उच्च कोटि के साहित्यकार भी हैं। यह गुण उन्हें विरासत में अपने पिता श्री ब्रजमोहन भट्ट से मिला जो स्वयं भी शिक्षक रहे और गढ़वाली के प्रथम महाकाव्य उषा के रचियता रहे हैं। पिता से ही प्रेरणा पाकर श्री भट्ट ने राष्ट्रीय पत्रिका चन्द्रदीप्ति का प्रकाशन प्रारंभ किया, जो वर्तमान में नवोदित लेखकों व विद्यार्थियों को अपने लेखों को छपवाने का एक विशिष्ट मंच बन चुकी है। श्री भट्ट स्वयं ही इस पत्रिका का सम्पादन कार्य करते हैं। शिक्षा में उनके योगदान को देखते हुए दिल्ली हिन्दी, संस्कृत अकादमी, उत्तराखंड संस्कृत अकादमी, देवभूमि जन सेवा संस्थान नैनीताल, वन विभाग उत्तराखण्ड द्वारा भी सम्मानित किया गया। उपरोक्त के अलावा निदेशक विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड द्वारा चार बार, शिक्षा मन्त्री उत्तराखण्ड सरकार द्वारा, मुख्य शिक्षाधिकारी रूद्रप्रयाग द्वारा पाँच बार, जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग द्वारा चार बार, जिला शिक्षाधिकारी रूद्रप्रयाग द्वारा चार बार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रूद्रप्रयाग, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण उत्तराखण्ड, जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।

जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
राज्यपाल द्वारा 2018 के शैलेष मटियानी पुरस्कार से सम्मानित होंगे रूद्रप्रयाग के शिक्षक विनोद प्रकाश भट्ट
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129