हरीश गुसाईं / अगस्त्यमुनि। दस्तक पहाड़ न्यूज ब्यूरो। राजकीय शाखा पुस्तकालय अगस्त्यमुनि के युवा पाठकों ने पुस्तकालय प्रभारी उदयसिंह नेगी की सेवा निवृति पर भावभीनी विदाई देते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होेंने उन्हें अपना मार्गदर्शक एवं अभिभावक बताया। राजकीय शाखा पुस्तकालय के प्रभारी उदय सिंह नेगी अपनी 35 वर्ष की सेवा करने के उपरान्त 30 जून 2022 को सेवानिवृत हो गये थे। परन्तु उनकी सेवानिवृति के दिन ही उनके पिता के आकस्मिक निधन होने से उनकी विदाई नहीं हो पाई थी। उसके बाद

Featured Image

पारिवारिक पस्थितियों के कारण वे समय नहीं दे पाये थे। अब उनके द्वारा समय दिए जाने पर युवा पाठकों ने उनका विदाई समारोह आयोजित किया। शाखा पुस्तकालय में आयोजित विदाई समारोह में उपस्थित बुजुर्ग पाठक सेवा निवृत पूर्ति अधिकारी 80 वर्षीय श्रीनन्द जमलोकी, सेवा निवृत प्राध्यापक चन्द्रशेखर बेंजवाल एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र गोस्वामी ने युवाओं की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह विदाई समारोह दर्शाता है कि श्री उदयसिंह नेगी अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करते रहे। उनका पुस्तकालय के पाठकों के साथ बड़े ही आत्मीयता का सम्बन्ध रहा। उन्होंने प्रत्येक पाठक को उसकी पुस्तक तथा प्रत्येक पुस्तक को उसके पाठक तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कार्य किया। इसी का परिणाम है कि उनके कार्यकाल में पुस्तकालय के पाठकों में से 250 से अधिक उच्च पदों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सेवा के लगभग 30 वर्ष इसी पुस्तकालय में कार्य किया। वहीं युवा पाठकों ने उनकी कार्य के प्रति निष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपने व्यक्तिगत कार्यों के लिए के अलावा कार्यालय से सम्बन्धित कार्याें के लिए अलग से समय निकालते थे। हर दिन पुस्तकालय का खुलना उनकी कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है। कहा कि उन्हें न केवल बुजुर्ग पाठकों की पसन्द का ख्याल था तो किशार पाठकों का भी पूरा ध्यान रखते थे। युवा पाठकों के लिए तो वे हमेशा अभिभावक एवं मार्गदर्शक की भूमिका में रहे। उनके सेवानिवृत होने पर वे अपने को असहाय समझ रहे हैं। अपने विदाई समारोह से अभिभूत होते हुए उदयसिंह नेगी ने कहा कि युवा पाठकों ने अनूठी पहल करते हुए अपने पुस्तकालय प्रभारी का विदाई समारोह आयोजित कर मिशाल कायम करते हुए इसे यादगार बना दिया। उन्होंने सभी युवाओं को निरन्तर पढ़ते रहने का मंत्र दिया। कार्यक्रम का संचालन युवा पाठक देवचन्द ने किया। इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हार्दिक बर्त्वाल, अभिषेक, विजय, सुबोध, देवदर्शन, सविता, वंदिता, रीना, मनीषा, बबीता देवेन्द्र सहित बड़ी संख्या में युवा पाठक मौजूद रहे।