हरीश गुंसाई /अगस्त्यमुनि गौरीकुण्ड रूद्रप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर चन्द्रापुरी के पास गवनी गांव में रविवार देर रात्रि भीषण हादसा हो गया जब एक अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे तीन व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतकों एवं घायल को सीएचसी अगस्त्यमुनि पहुंचाया। तीनों व्यक्ति केदारनाथ में घोड़ा खच्चर चलाते हैं तथा गौरीकुण्ड से वापस घर आ रहे थे। तीनों व्यक्ति जखोली विकास खण्ड के मुसाढुंग गांव के रहने वाले हैं।

Featured Image

थानाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने बताया कि रात्रि लगभग दो बजे के आस पास कन्ट्रोल रूम को खबर मिली कि चन्द्रापुरी के पास गवनी गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ लोग वाहन की चपेट में आ गये हैं। वे तत्काल ही घटनास्थल पर पहुंचे तथा एक व्यक्ति उन्हें एनएच की निर्माणदाई संस्था के स्टोर के पास गम्भीर रूप से घायल मिला। उसने बताया कि कोई अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारकर भाग गया है। उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी थे। वे कहां हैं उसे पता नहीं है। चन्द्रापुरी को ओर कुछ दूरी पर दो व्यक्ति और मिले जो दम जोड़ चुके थे। तत्काल एम्बुलेंस से घायल एवं मृतकों को सीएचसी अगस्त्यमुनि लाया गया। जहां पर चिकित्सक द्वारा दो व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया गया तथा गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति को हायर सेन्टर रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान मदनसिंह पुत्र मोहन सिंह (40 वर्ष) तथा हरवीर सिंह पुत्र पूरण सिंह (42) तथा घायल की पहचान धर्मेन्द्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह (33) तीनों ग्राम मुसाढ़ुंग तहसील जखोली के रूप में हुई है। तीनों केदारनाथ में घोड़े खच्चर चलाते हैं तथा भारी वर्षा के कारण यात्रा में कमी आने से वापस घर आ रहे थे। मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है और घटना की जांच प्रारम्भ कर दी हैे। घटना स्थल का मुआयना करने पर वहां पर चट्टान की ओर नाली में किसी गाड़ी के टायरों की रगड़ के निशान के साथ ही वाहन का व्हील कवर तथा अन्य पार्ट भी मिले हैं। जिससे पता चलता है कि वाहन कोई मैक्स या वोलेरो हो सकता है। जो सम्भवतः चन्द्रापुरी से रूद्रप्रयाग की ओर आ रहा होगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। वहीं मृतक हरवीर के भाई यशवीर ने बताया कि रात्रि लगभग 9.30 बजे उनकी बात हरवीर एवं मदन से हुई थी। उन्होेंने बताया कि वे सौड़ी पहुंचने वाले है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड से मृतकों की उस समय की लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। जिससे घटना के समय का सही पता चल सके। वहीं तहसीलदार ऊखीमठ दीवान सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया तथा फरार वाहन एवं वाहन चालक की पहचान करने तथा उसे ढ़ूढ़ने के निर्देश दिए।