अगस्त्यमुनि में उत्तराखण्ड सरकार के खिलाफ गरजे यूकेडी कार्यकर्त्ता, बेरोजगारों पर लाठीचार्ज करने पर फूँका पुतला
1 min read12/02/2023 3:51 pm
हरीश गुसाई। अगस्त्यमुनि।
दस्तक पहाड़ न्यूज ब्यूरो। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल की जिला कार्यकारिणी की बैठक में आगामी निकाय चुनावों पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि पार्टी निकाय चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। वहीं देहरादून में बेरोजगारों पर बेदर्दी से लाठीचार्ज करने पर सरकार की कड़ी निन्दा करते हुए सरकार का पुतला दहन कर बेरोजगारों के हितों की रक्षा करने के लिए सड़क पर आन्दोलन करने का संकल्प लिया गया। अगस्त्यमुनि स्थित गणपति वेडिंग प्वाइंट में उक्रांद के जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगांई की अध्क्षता में सम्पन्न हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एपी जुयाल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं के लिए सड़क पर संघर्ष करना होगा। आपसी मनमुटाव को दूर कर पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से पार्टी के साथ जोड़ने के लिए हर कार्यकर्ता को अपने स्तर से कार्य करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि युवाओं के जोश एवं बुजुर्गों के मार्गदर्शन से पार्टी अपने जनाधार को बढ़ायेगी। कहा कि आज जोशीमठ आपदा को एक माह से अधिक का समय हो चुका है परन्तु सरकार प्रभावितों का विस्थापन एवं मुआवजा पर नीति नहीं बना पाई है। प्रदेश में हर भर्ती पर एसआईटी की जांच चल रही है। परन्तु सरकार फिर भी अपनी पीठ थपथपा रही है। हमें इस सबका पुरजोर विरोध करना होगा। सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सम्मुख लाना होगा। केन्द्रीय संगठन मंत्री एवं निकाय चुनाव के केन्द्रीय प्रभारी समीर मुण्डेपी ने कहा कि पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव की सभी सीटों पर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। कहा कि पार्टी के विधान सभा प्रभारी शीघ्र ही वार्ड स्तर पर प्रभारी नियुक्त करते हुए टीम खड़ी कर दें। अभी से ही निकाय चुनाव हेतु हर सीट पर आरक्षण के हिसाब से सशक्त प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दें। केन्द्रीय मुख्य प्रवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि ऐसा नहीं है कि जनता सरकार से बहुत खुश है परन्तु विकल्पहीनता के कारण भाजपा जीत रही है। हमें जनता का विश्वास जीतना होगा। केन्द्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली ने कहा कि जनपद में पार्टी का जनाधार है परन्तु उस जनाधार को बचाने के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता आवश्यक है। केन्द्रीय प्रवक्ता मोहित डिमरी ने कहा कि विगत चुनाव में उनपर जानलेवा हमला हुआ था परन्तु आज तक हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है उल्टा उन पर ही आरोप लगाया जा रहा है कि हमला प्रायोजित था। अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगाईं ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य की मांग को लेकर आन्दोलनकारियों ने जो सपना बुना था। उसे इन सरकारों ने तार तार कर दिया है। चारों ओर सरकार की दमनकारी नीतियां चल रही हैं परन्तु सब खामोश हैं। जनता विकल्प चाह रही है। यह उक्रांद के लिए एक अवसर है। हमें जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता को सिद्ध करना होगा। बैठक के बाद उक्रांद कार्यकर्ताओं ने अगस्त्यमुनि बाजार में बेरोजगारों के आन्दोलन को समर्थन देते हुए देहरादून में उन पर हुए लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों को सजा दिलाने एवं जेल में बन्द आन्दोलनकारियों को रिहा करने की मांग को लेकर जुलूस प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अशोक चौधरी ने किया। बैठक में बलबीर सिंह चौहान, बलबीर चौधरी, पृथ्वीपाल रावत, विष्णुकान्त शुक्ला, जितार जगवाण, सुबोध नौटियाल, रायसिंह रावत, कमल रावत, आशीष बहुगुणा, भगत चौहान, चन्द्रमोहन गुसाईं, सुन्दर सिंह राणा, डॉ आशुतोष भण्डारी, अरविन्द राणा, लोकेश भट्ट, शुभम मैठाणी, दिनेश बुटोला, कुलदीप कण्डारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement

Read Also This:
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।

जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
अगस्त्यमुनि में उत्तराखण्ड सरकार के खिलाफ गरजे यूकेडी कार्यकर्त्ता, बेरोजगारों पर लाठीचार्ज करने पर फूँका पुतला
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129