हरीश गुसाई  / अगस्त्यमुनि। दस्तक पहाड न्यूज ब्यूरो। केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने आज मुख्यमंत्री से मुलाकात कर केदारनाथ विधान सभा में अतिवृष्टि से हुए भारी नुकसान के लिए विशेष आर्थिक पकैज की मांग की। उन्होंने बताया कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील क्षेत्र है। पूर्व में 2012 में ऊखीमठ क्षेत्र में तथा 2013 में पूरी केदारघाटी में आई भीषण आपदा से भारी नुकसान हुआ था। प्रत्येक वर्ष बरसात के समय यहां के नागरिकों को अतिवृष्टि से भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इस वर्ष भी अतिवृष्टि से केदारनाथ विधान सभा क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के होटल, आवासीय भवन, पैदल मार्ग, पैदल पुल आदि को भारी नुकसान पहुंचा हे।

Featured Image

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रूद्रप्रयाग से गौरीकुण्ड तक कई होटल क्षतिग्रस्त होने की जद में हैं जिससे आने वाले समय में श्री केदारनाथ यात्रा प्रभावित हो सकती है। स्थानीय निवासियों के आवासीय भवनों के पुस्ते, सुरक्षा दीवार, पैदल पहुंच मार्ग, पैदल पुल आदि को नुकसान पहुंचा है। वर्तमान में पूरी विधानसभा क्षेत्र के अधिकतर ग्रामीणों के आवासों को अतिवृष्टि से खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के क्षतिग्रस्त होटल, आवारसीय भवन, पैदल मार्ग पैदल पुल आदि के मुआवजे एवं पुनर्निमाण कार्यों हेतु आपदा मद के अन्तर्गत विशेष आर्थिक पैकेज की नितान्त आवश्यकता है। केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने मुख्यमंत्री से केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान के पुनर्निमाण हेतु आपदा मद के अन्तर्गत अतिरिक्त विशेष आर्थिक पैकेज देने का अनुरोध किया है।