हरीश गुसाई  / अगस्त्यमुनि। दस्तक पहाड न्यूज  - केन्द्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि से एक साथ आठ शिक्षकों के स्थानान्तरण होने से शिक्षण कार्य प्रभावित होने की सम्भावनायें बन गई है। इससे चिन्तित अभिभावकों में खलबली मची है। और वे इस सम्बन्ध में केदारनाथ विधायक श्रीमती शैलारानी रावत एवं जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के साथ ही केवि के क्षेत्रीय कार्यालय को भी पत्र लिखने जा रहे हैं। केन्द्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि के लिए इस वर्ष का स्थानान्तरण सत्र भारी पड़ गया है। एक साथ आठ शिक्षकों का

Featured Image

स्थानान्तरण यहां से अन्यत्र के लिए हुआ है जबकि केवल एक ही शिक्षक का यहां स्थानान्तरण हुआ है। इससे सात पदों के रिक्त रहने की सम्भावना हो गई है। अहम विषयों के पद रिक्त होने से पूरी शिक्षण व्यवस्था गड़बड़ा जायेगी। वैसे तो वार्षिक स्थानान्तरण किसी भी संस्थान में एक सामान्य प्रक्रिया है। परन्तु अभिभावकों की चिन्ता इसलिए बढ़ रही है कि केवि अगस्त्यमुनि अब सुगम क्षेत्र का विद्यालय हो गया है। जिससे शिक्षक यहां आने को तैयार नहीं हैं। क्योंकि इससे बेहतर अपने नजदीक कोई दुर्गम विद्यालय उन्हें ठीक लग रहा है। स्थानान्तरण की लिस्ट से यह स्पष्ट भी हो रहा है। अभिभावकों के प्रतिनिधि रोबिन चौधरी एवं मोनिका देवी ने कहा कि विद्यालय में अभी 21 शिक्षक कार्यरत हैं। जिसमें से एक साथ आठ अहम विषयों के शिक्षकों का स्थानान्तरण होने से शिक्षण व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो जायेगी। इस सत्र में पीजीटी में गणित तथा हिन्दी के शिक्षकों का स्थानान्तरण हो गया। जबकि अंग्रेजी का पद पहले से ही रिक्त चला आ रहा है। वहीं टीजीटी में गणित तथा शारीरिक विज्ञान के शिक्षकों का तबादला हुआ है। जबकि टीजीटी गणित में एक शिक्षिका आ गई हैं। सबसे बुरी स्थिति तो प्राइमरी सेक्शन में हुई है। जहां एक साथ चार अध्यापकों के तबादले हुए हैं। प्राइमरी सेक्शन एक दम खाली होने से नई शिक्षा नीति को लागू करने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं बच्चों की नींव कमजोर होने से उन्हें बड़ी कक्षाओं में सीखने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। जल्दी ही अभिभावकों की बैठक बुलाकर समस्या के समाधान हेतु रणनीति बनाई जायेगी। जिसमें माननीय विधायक एवं जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के साथ ही केवि संगठन के उच्चाधिकारियों को भी सूचित किया जायेगा। वहीं केवि अगस्त्यमुनि के प्राचार्य अनीश जोशी ने कहा कि वार्षिक स्थानान्तरण नीति के अनुसार विद्यालय से शिक्षकों का स्थानान्तरण हुआ है। अभी पदोन्नति एवं नई भर्ती भी होने जा रही है। जिसके बाद निश्चित ही कोई न कोई शिक्षक यहां आ जायेगें। तब तक कॉन्ट्रेक्ट बेसिस पर शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। विद्यालय में शिक्षण कार्य किसी भी प्रकार से बाधित नहीं होने दिया जायेगा।