दीपक बेंजवाल  / अगस्त्यमुनि दस्तक पहाड न्यूज। अगस्त्यमुनि बेड़ूबगड़ बाईपास निर्माण को लेकर व्यापार मण्डल अगस्त्यमुनि के क्रमिक धरने के चौथे दिन हुंकार बैठक का आयोजन किया गया। बाईपास निमार्ण संघर्ष समिति शत्रुघ्न नेगी एवं नगर व्यापार मण्डल अध्यक्ष नवीन बिष्ट की संयुक्त अध्यक्षता में बड़ी संख्या में प्रभावित व्यापारियों और भवन स्वामियों ने आन्दोलन को तेज करने के लिए समर्थन दिया।

Featured Image

बैठक को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न नेगी ने कहा लड़ाई को पुरजोर तरीके से लड़ने का अब समय आ गया है, सरकार जिस प्रकार से हमारे साथ अन्याय कर रही है हम भी उसका वैसा ही कठोर प्रतिकार करें। उन्होंने जनता से पूर्ण सहयोग देने की अपील की है। आगामी 6 सितंबर से प्रत्येक शाम को 5 बजे से एक घंटे का पूर्ण सांकेतिक बंद और मशाल जुलूस निकाल कर हुंकार भरी जाऐगी। कोर्ट की लड़ाई लड़ने के लिए कोष इकठ्ठा किया जाए जिसमें हर प्रभावित अपना सहयोग दे। नाकोट गाँव के सरपंच हर्षवर्धन बेंजवाल ने कहा सरकार हमें हमारी ही जगहों से बेदखल कर रही है जबकि बाहरी देशों के लोगों को नियम कायदे ताक पर बसाया जा रहा है। इतने बड़े स्तर पर पहाड़ के व्यापारी और भवन स्वामी प्रभावित हो रहे है लेकिन जनप्रतिनिधि मौन है। भविष्य में ऐसे नेताओं का पुरजोर विरोध किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कोर्ट का आदेश वन पंचायतों में अतिक्रमण हटाने का था लेकिन सरकार नगरों पर बुलडोजर लगा रही है। कोर्ट ने पहाड में सड़क के लिए सात मीटर मानक निर्धारित किया लेकिन यहाँ बीस मीटर तक चिन्ह लगाकर लोगों को जबरन डराया जा रहा है। इसका विरोध होगा, उन्होंने संघर्ष समिति के प्रस्तावित भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया, वह हमेशा जनता के साथ है। जिलाध्यक्ष कांग्रेस कुंवर सजवाण ने कहा आपदा में जब सबकुछ उजड़ा तो हम पार्टी लाईन से ऊपर उठकर जनता के संघर्ष में बैठे, सत्तढुंगा का ऐतिहासिक अनशन इसका प्रमाण है, आज फिर हमारे व्यापारी भाईयों के अस्तित्व पर संकट आया है तो हम कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने सभी का आवाहन करते हुए कहा कि आन्दोलन की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी है। भूख हड़ताल जब भी शुरू होगी वो सबसे पहले बैठकर संघर्ष का ऐलान करेंगे। उन्होंने कहा बिना नोटिस के सरकार के अधिकारी अतिक्रमण के नाम पर सीधे दुकानों, घरों में घुसकर चिन्हीकरण कर रहे है,  ये कैसी अराजकता, अंधा कानून है। व्यापार मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट ने कहा यह लड़ाई सड़क से कोर्ट तक लड़नी होगी, हम हर व्यापारी, भवन स्वामी का थन मन धन से सहयोग चाहिए। हम आन्दोलन में हर पार्टी, संगठन का स्वागत करते है, यह जीवन बचाने की लड़ाई है इसमें कोई संशय नही है। उन्होंने व्यापारियों के समर्थन का आभार प्रकट किया। व्यापार मंडल महासचिव त्रिभुवन नेगी ने कहा जब हमारी दुकाने ही नहीं रहेंगी तो किसके लिए हम कहाँ व्यापार करेंगे। आज एकजुटता दिखाकर सरकार से लड़ाई लड़ने का समय है, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। प्रदेश संगठन मंत्री मोहन रौतेला ने कहा बाईपास निर्माण हमारी प्रमुख मांग है। सरकार अतिक्रमण के नाम पर भ्रम फैला रही, यह सरकार का नाकारापन है जिसका हम मिलकर विरोध करेंगे। प्रदेश व्यापार संगठन ने सरकार और कोर्ट के समक्ष अपनी आवाज रखी है लेकिन अपना संघर्ष हमें खुद भी लड़ना होगा। वरिष्ठ व्यापारी प्रकाश पंवार ने कहा हमें अपना संघर्ष एकजुट होकर करना होगा। अतिक्रमण के नाम पर केवल भ्रम फैलाया जा रहा, लोग वर्षों से अपनी जमीनों पर रोजगार कर रहे है, उन्हें क्यों उजाड़ा जा रहा है। बेरोजगारी के दौर में व्यवसाय ही एकमात्र रोजगार है, जिससे आज हजारों लाखों परिवार पल रहे है। बैठक में पूर्व संयुक्त निदेशक रमेश प्रसाद चमोला, व्यापार संघ अध्यक्ष गौरीकुंड रामचंद्र गोस्वामी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सावन नेगी, वरिष्ठ व्यापारी हरि सिंह खत्री, पुष्कर सिंह कण्डारी, प्रदेश संगठन मंत्री मोहम्मद उस्मान, पूर्व अध्यक्ष व्यापार संघ प्रमोद गुंसाई, वीरांगना संगठन से माधुरी नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विक्की आनंद सजवाण, भरत लाल आर्य, जसपाल रावत, सुशील गोस्वामी, रोहित रावत, वीरेन्द्र भट्ट, प्रदीप जिरवाण, मोहम्मद वकार समेत बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपनी उपस्थित दर्ज की।