उत्तराखंड में अब तक की सबसे बड़ी डकैती.. 25 मिनट में लूटे 20 करोड़ के गहने, ऐसे हुए फरार..
1 min read10/11/2023 8:16 am

दस्तक पहाड न्यूज / देहरादून
Advertisement

Advertisement

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर राजधानी हाई अलर्ट पर थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। इसी बीच बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने वीआईपी राजपुर रोड पर पुलिस मुख्यालय और सचिवालय के पास रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती को अंजाम दे डाला। चार बदमाश शोरूम के अंदर घुसे और एक बाहर खड़ा हो गया। बदमाशों ने शोरूम में गार्ड समेत 11 कर्मचारियों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाया और करीब 20 करोड़ से भी ज्यादा के सोने चांदी के जेवरात लूट लिए। बेखौफ बदमाशों ने वहां इत्मिनान से 25 मिनट तक लूटपाट की फिर भरे बाजार दो बाइक पर सवार होकर भाग निकले। बदमाशों की इस हिमाकत से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटना के बाद नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश पुलिस की पहुंच से बहुत दूर निकल गए। बदमाशों को गिरफ्तार कर के लिए एसएसपी ने चार टीमों का गठन किया है।
Read Also This:
बता दें कि रिलायंस ज्वैलरी का यह शोरूम राजपुर रोड पर ठीक सेंट जोसेफ स्कूल के सामने है। इसके बगल से ही होटल इंद्रलोक को जाने वाली व्यस्त गली है। बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10.20 बजे कर्मचारियों ने शोरूम खोला था। कर्मचारी वहां काउंटर पर जेवरात सजा रहे थे। कुछ देर बाद करीब 10.25 बजे चार युवक अंदर घुसे। कर्मचारियों को लगा कि ये ग्राहक होंगे और उन्होंने हाथ जोड़कर उन्हें नमस्कार किया। गार्ड हयात सिंह गेट के पास काउंटर पर रजिस्टर में कुछ काम कर रहा था। इसी बीच एक युवक ने हयात सिंह की कनपटी से पिस्तौल सटा दी और दूसरे ने कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर चुप रहने को कहा। इसके बाद दो बदमाशों ने तीन महिला कर्मचारियों को छोड़कर सभी के प्लास्टिक केबल टाइ (बांधने के लिए लॉक वाली बेल्ट नुमा तार) से पीछे तरफ हाथ बांध दिए। सभी को रिशेप्सन काउंटर के पास बैठा दिया।
इसी बीच दो बदमाशों ने वहां से जेवरात समेटने शुरू कर दिए। तीनों महिला कर्मचारियों को भी उन्होंने पिस्तौल दिखाई और जल्दी-जल्दी जेवरात निकालने को कहा। घबराई कर्मचारियों ने आलमारियों से जेवरात काउंटर पर रखने शुरू कर दिए। एक बदमाश ने इन्हें बैग में भरना शुरू किया। इसी बीच एक बदमाश ने हाथ बंधे सभी कर्मचारियों को शोरूम की रसोई में बंद कर दिया।
करीब 25 मिनट तक रहे शोरूम के अंदर।
एक बदमाश बाहर खड़ा शोरूम के आसपास की हरकतों पर नजर रख रहा था। अंदर के बदमाश इत्मिनान से वहां लूटपाट में लगे थे। तकरीबन 25 मिनट बाद बदमाशों ने वहां लूटपाट की और सारे सोने-चांदी व हीरे के जेवरात बैग में भरकर वहां से भाग निकले। इसके बाद महिला कर्मचारियों ने गार्ड और अन्य कर्मचारियों को रसोई से बाहर निकाला और अपने मैनेजर व पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी में पूरी घटना हुई कैद।
लगभग 11.20 बजे वहां पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने शोरूम से फिंगर प्रिंट्स आदि जुटाए और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में चार टीमों को गठन किया गया है। सभी सीसीटीवी कैमरा और अन्य माध्यमों से बदमाशों की धरपकड़ में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना को चुनौती के रूप में स्वीकार किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दो बदमाशों के हाथ में थे हथियार
पुलिस के अनुसार कर्मचारियों ने बताया है कि चार बदमाश अंदर दाखिल हुए थे। इनमें से दो के हाथ में हथियार थे। सभी ने मुंह पर मास्क पहना हुआ था। एक का मास्क में से आधा चेहरा भी दिख रहा था। इसी का सीसीटीवी फुटेज में भी फोटो आया है। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर बदमाश आए थे। इनमें से एक ने अपने हाथ में हेलमेट भी पकड़ा हुआ था।
शोरूम तक पैदल आए थे बदमाश
सीसीटीवी कैमरा में जो फुटेज दिखी की है उसमें बदमाश इंद्रलोक होटल की गली से होते हुए राजपुर रोड से पैदल शोरूम तक पहुंचे हैं। शोरूम के सामने की तरफ लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की साफ-साफ तस्वीर नजर आ रही है। इनमें एक ने पीठ पर बैग भी टांगा हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसएसपी अजय सिंह ने आसपास के होटल के रजिस्टर चेक करने के निर्देश भी दिए हैं।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
उत्तराखंड में अब तक की सबसे बड़ी डकैती.. 25 मिनट में लूटे 20 करोड़ के गहने, ऐसे हुए फरार..
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129









