दस्तक पहाड न्यूज  / अगस्त्यमुनि।। होली के दिन सिल्ली पुल के समीप दोपहर बाद कपड़े धोने गई एक महिला अचानक पाँव फिसलने से मन्दाकिनी नदी के गहरे भंवर में फंस गई। महिला के चिल्लाने पर स्थानीय निवासियों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन नदी तल की गहराई अधिक होने से बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार नेपाली मूल की 32 वर्षीय महिला सिल्ली बाजार के नीचे मंदाकिनी नदी तट पर अपने छोटे बच्चों के साथ कपड़े धोने गई थी, कि अचानक उसका पाँव फिसला और वह गहरे पानी के भंवर में डूबती चली गई। इस बीच महिला चिल्लाई,

Featured Image

लेकिन आसपास कोई न होने से घटना का पता नही चला, कुछ देर बाद जब पुल से गुजर रहे स्थानीय लोगो ने नदी तट पर छोटे बच्चो को रोता देखा तो घटना का पता चला, कुछ साहसी युवाओं ने पानी में उतरकर खोजबीन भी की लेकिन महिला का पता नही लगा। काफी देर बाद शरीर में पानी भर जाने के बाद महिला का शरीर ऊपर की ओर आ गया। महिला के परिजन उसे अस्पताल भी ले गए लेकिन तब तक महिला की मृत्यु हो चुकी थी। महिला की शिनाख्त 32 वर्षीय कल्पना के रूप में हुई, जो नेपाल के दयलोख जिले की निवासी है और कुछ साल से सिल्ली में अपने तीन छोटे बच्चों और पति के साथ रह रही थी। इस घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में नेपाली समुदाय के लोग इकट्ठे हो गए। इस घटना के बाद से पूरे समुदाय में शोक की लहर छा गई।