दीपक बेंजवाल  / अगस्त्यमुनि दस्तक पहाड न्यूज।  दुनिया की प्रतिष्ठित सर्च इंजन गूगल इण्डिया सलेक्ट होने वाले पहाड़ के युवा आशुतोष पुरोहित अपने देश में रहकर अपनों की बेहतरी के लिए काम करना चाहते है। जहाँ आज का युवा जाॅब में बड़े आर्थिक पैकेज और विदेश को प्राथमिकता देता है वही आशुतोष की देशसेवा की भावना सभी युवाओं के लिए नजीर बन गई है। दरअसल प्रतिभा पलायन, भारत जैसे विकासशील देश के लिए बड़ी समस्या है, सरकार हर साल देश के युवाओं को स्किलड बनाने पर अरबों खरबों रूपये खर्च करती है, वही

Featured Image

बाद में ये युवा चंद पैसों के खातिर देश छोड़ने में पलभर भी नहीं लगाते। ऐसे में प्रतिभा पलायन की इस गंभीर समस्या से जूझ रहे हमारे देश में स्किलड युवाओं की विदेश जाने की सोच को बदलने में यह अनुकरणीय पहल है। रूद्रप्रयाग जनपद के पूर्व जिलाधिकारी आईएएस मंगेश घिल्डियाल ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर काॅलेज अगस्त्यमुनि में दी गई मोटिवेशनल क्लास के दौरान आशुतोष की प्रतिभा को देखकर उससे कहा था कि तुम्हें देश के लिए काम करना है। उस समय जिलाधिकारी जनपद के बच्चों को निशुल्क कोचिंग देकर प्रेरित कर रहे थे। आशुतोष के दिल दिमाग ये बात इतनी बैठ गई कि कैंपस सलेक्शन के दौरान सैन फ्रांसिस्को में मिल रहे एक करोड़ के पैकेज को ठुकरा कर अपने देश में रहकर गूगल के लिए पचास लाख रुपए पैकेज में काम करने में हामी भर दी। आशुतोष बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के छात्र रहे। वे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मेरिट सूची में टाॅप टेन के टाॅपर रह चुके है। वर्ष 2020 में अगस्त्य पब्लिक इंटर कॉलेज गंगानगर अगस्त्यमुनि से इंटर उत्तीर्ण करने के बाद पहले ही प्रयास में आईआईटी मण्डी हिमाचल प्रदेश में सीएस में इनका चयन हुआ। जहाँ इस वर्ष कैंपस सलेक्शन के दौरान सैन फ्रांसिस्को की एक कंपनी और गूगल का एकसाथ आफर आया। लेकिन उन्होंने विदेश जाने की अपेक्षा अपने देश में रहकर गूगल को वरीयता दी और बतौर इंजीनियर गूगल में काम कर रहे है। आशुतोष ने दस्तक पहाड़ से बातचीत करने पर बताया कि जिस देश ने हमें योग्य बनाया आज सफलता मिलने पर हम उसकी सेवा करने के अवसर को कैसे छोड़ सकते है। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के जवाहरनगर वार्ड में रहने वाले आशुतोष पुरोहित की माता बीना पुरोहित जूनियर हाईस्कूल भौंसाल में प्रधानाध्यापिका है और पिता बद्री प्रसाद पुरोहित राइका मणिगुह में रसायन विषय के प्रवक्ता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी स्कूल के प्रबंधक महावीर सिंह रमोला को दिया है। वो पढ़ाई के साथ हर वक्त बच्चों को प्रेरित करते रहते है। प्रशासनिक व्यस्तता के बाद भी आईएएस मंगेश घिल्डियाल सर की मोटिवेशनल क्लास ने मेरे लिए और बहुत से बच्चों के लिए बेहतर भविष्य की नींव रखी, जिनका मैं हमेशा ऋणी रहूँगा। आशुतोष की इस सफलता पर विद्यालय के प्रबन्धक महावीर सिंह रमोला, प्रधानाचार्य सूरबीर सिंह रमोला, प्रबन्धक समिति के अध्यक्ष वीरसिंह राणा, अध्यापक अमित फर्सवाण, अमित कुमार, मयंक नेगी, सुधा रमोला, अभिषेक बगवाड़ी, अजीत सिंह, श्रद्धा देवी, सुमित नेगी, ऊषा राणा, पंकज राणा, पूर्व दायित्वधारी अशोक खत्री, पूर्व नपं अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल, पूर्व सदस्य जवाहरनगर बनियाड़ी वार्ड भूपेंद्र राणा, जवाहरनगर विकास समिति की सत्येश्वरी रौथाण, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष विक्रम झिंक्वाण, प्रधान फलई विजयपाल राणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी, पूर्व अध्यक्ष नवीन बिष्ट सहित कई लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए आशुतोष के उज्जवल भविष्य की कामना की है।