दस्तक पहाड न्यूज।।देहरादून।। फरवरी का दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। हालांकि विक्षोभ के कमजोर होने की वजह से इसका प्रभाव ऊंचाई वाली जिलों पर ही दिखाई देगा। विशेषकर कुमाऊं मंडल के पिथाैरागढ़, बागेश्वर और गढ़वाल के उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रप्रयाग जिलों में आठ से 10 फरवरी तक बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी होने की संभावना है। उच्च हिमालय में 3500 मीटर से ऊंची चोटियों पर हिमपात हो सकता है। इसी बीच आज यानी शनिवार को मौसम विभाग ने राज्य के इन 5 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसी के साथ ही ऊंचाई वाले इलाको में बर्फबारी की भी आशंका है।

Featured Image

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ बिक्रम सिंह ने जानकारी दी है कि राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा। जबकि राजधानी देहरादून में आसमान साफ रहेगा। लेकिन सुबह के समय हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज देहरादून का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं, बीते शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.6 सेल्सियस दर्ज किया गया।