कालिका काण्डपाल। दस्तक पहाड़ न्यूज ब्यूरो। रुद्रप्रयाग जनपद के दशज्यूला क्षेत्र में इन दिनों चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में बरती जा रही अनियमितता पर क्षेत्रीय जनता व जन प्रतिनिधियों द्वारा नाराजगी जताई गयी। वहीं क्षेत्रीय जनता ने दशज्यूला महोत्सव मेला समिति सहित विकास कार्यों के लिए प्रयासरत जनमानस का धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया। क्षेत्रीय जनता ने एकजुट होकर विकास कार्यों में बरती जा रही अनियमितता के खिलाफ बैठक कर समस्त विकास कार्यों की निगरानी के लिये समिति गठित की गयी व निर्णय

Featured Image

लिया गया कि शीघ्र ही सम्बन्धित विभागों को पत्र लिखकर अवगत कराया जायेगा। यदि समय रहते कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं की गयी तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन के लिये बाध्य होगी। राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आज जागतोली में दशज्यूला विकास समिति की बैठक सम्पन्न हुई। क्षेत्रीय जनता व जन प्रतिनिधियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे घटिया निर्माण कार्यो का विरोध किया जायेगा। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गाँवों की जनता व जन प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। वक्ताओं ने कहा कि जागतोली-कोटखाल मोटर मार्ग चौड़ीकरण, दशज्यूला क्षेत्र की दोनों सड़कों के मिसिंग लिंक का कार्य, चोपडा गढीधार मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य सहित जागतोली में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य में कार्यदाई संस्था द्वारा किये जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सन्तोष जनक नहीं है। जिस कारण लगातार क्षेत्रीय जनता आक्रोशित है। आये दिन कई स्थानों पर घटिया निर्माण कार्यों की शिकायतें आ रही है। साथ ही शासन प्रशासन व जन प्रतिनिधियों द्वारा जानकारी होने पर भी नजरअंदाज किया जा रहा है। इसलिए क्षेत्रीय जनता ने निर्णय लिया कि समिति के माध्यम से सम्बन्धित विभागों से पत्रचार किया जायेगा। इसके लिये बैठक में 12 सदस्यीय एक निगरानी समिति का गठन किया गया। समिति में पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह कठैत, सतबीर जग्गी, नागेन्द्र भंडारी, हर्षवर्धन जग्गी, नरेन्द्र रावत, मकर सिंह नेगी, कमल लाल, सुरेन्द्र सिंह नेगी, सरताज सिंह, बलदेव बर्तवाल को शामिल किया गया। बैठक को‌ सम्बोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र जग्गी ने कहा कि दशज्यूला क्षेत्र लम्बे समय से मूलभूत सुविधाएं से भी वंचित है। और जागतोली मेला समिति सहित अन्य कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रयास से आज क्षेत्र में करोड़ों की योजनाएं धरातल पर उतार रही है। ऐसे में हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि इन कार्यों की गुणवत्ता और योजना की सुगमता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सभी दशज्यूलावासियों से एकजुट होने का आवाह्न किया। कहा कि यदि समय रहते कार्यदायी संस्थाओ द्वारा जनता की बात नहीं सुनी गयी तो दशज्यूला विकास समिति आंदोलन के लिये बाध्य होगी। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गाँवों से दर्जनों की संख्या में जनता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।