दस्तक पहाड़ न्यूज, अगस्त्यमुनि।। अगस्त्यमुनि नगर पंचायत के मन्दाकिनी विहार क्षेत्र की जनता द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। मौहल्ले वासियों ने केक काटकर उनके आदर्श और विचारों को नई युवा पीढ़ी तक साझा किया। युवाओं को सम्बोधित करते हुए सुरेश कुमार आगरी और डी एल मंगवाल ने कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा पढ़ने और संगठित रहने का संदेश दिया, आगे बढ़ना है इन्हें जीवन का हिस्सा जरूर बनाएं।

Featured Image

कार्यक्रम में सुरेश कुमार आगरी, प्रोफेसर चन्द्र मोहन, जसपाल शाह, डी एल मंगवाल, जयवर्धन, प्रदीप कुमार, प्रमोद भिलिंग्वाल, अशोक कुमार भिलिंग्वाल समेत बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। वे एक प्रसिद्ध वकील, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और महान समाज सुधारक थे। बाबासाहेब के नाम से लोकप्रिय डॉ. अंबेडकर ने छुआछूत और जातीय भेदभाव के खिलाफ जोरदार आंदोलन चलाया। भारतीय संविधान की मसौदा समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश के लिए एक मजबूत संविधान तैयार किया। उनके द्वारा तैयार किए गए संविधान की नींव समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय के सिद्धांतों पर रखी गई। सोमवार को पूरे देश में उनकी जयंती विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई गई।