दस्तक पहाड़ न्यूज, अहमदाबाद।। अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे। यात्रियों में 52 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक थे।एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई। जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।

Featured Image

एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान संख्या AI171 आज उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज एक दुखद हादसे का शिकार हो गई। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों और उनके परिवारों के लिए हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस समय हमारा ध्यान उन सभी लोगों की मदद करने पर है जो इस हादसे में प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को हर तरह की सहायता देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी इमरजेंसी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। जरूरतमंद लोगों को पूरी मदद दी जा रही है। जैसे ही हमें और सही जानकारी मिलेगी, हम आगे अपडेट देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि हमने एक इमरजेंसी हेल्प सेंटर शुरू किया है ताकि जिन परिवारों को जानकारी चाहिए, उन्हें मदद मिल सके। PM मोदी ने विमान दुर्घटना का जायजा लिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की। उन्होंने विमान दुर्घटना का जायजा लिया। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मंत्री से कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहें। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं। SVPIA अहमदाबाद की सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए) प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं। दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान जारी अहमदाबाद में जिस जगह एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वहां पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अग्निशमन सेवाएं और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं। सीएम भूपेंद्र पटेल ने घटना पर जताया दुख गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य चलाने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।'