दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग।। रुद्रप्रयाग में आज गुरूवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां  ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर घोलतीर के समीप एक टेंपो-ट्रेवलर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वाहन संख्या UK 08 PA 7444 में 20 लोग सवार थे, जो राजस्थान के उदयपुर से यात्रा पर आए थे।

Featured Image

हादसे की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अब तक नौ लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। आठ घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है। घायलों में कई छोटे बच्चे भी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के वक्त तीन लोग वाहन से बाहर छिटककर गिर गए, जिन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं वाहन के अन्य यात्री नदी की तेज धार में बह गए। घटनास्थल से एक शव बहकर शिवपुरी तक पहुंचा, जिसे रेस्क्यू कर निकाला गया। वहीं एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने अलकनंदा नदी में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और दुर्गम स्थल के कारण राहत कार्य में खासी मुश्किलें आ रही हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।