मां चंडिका मंदिर फलासी में बन्याथ यात्रा का शुभ मुहूर्त घोषित, 25 वर्षों बाद फिर गूंजेगा भक्तिरस का पर्व
1 min read17/10/2025 2:38 pm

दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। जनपद के सुप्रसिद्ध राजराजेश्वरी मां चंडिका मंदिर, फलासी में मां भगवती की बन्याथ यात्रा के आयोजन को लेकर आज शुभ मुहूर्त का निर्धारण किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति, बन्याथ आयोजन समिति, हकहकूकधारी ग्रामीणों और बेंजी गाँव के ब्राह्मणों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न किया। आज सुबह परंपरानुसार पंचकोटी की ओर से कोल्लू गाँव के दलवीर सिंह राणा, जगमोहन सिंह राणा निमंत्रण लेकर गुरु ब्राह्मण के गाँव बेंजी पहुंचे, जहां पंचकोटी ब्राह्मण समिति बेंजी द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद पंचकोटी क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा अपने पंच ब्राह्मणों को विधिवत रूप से फलासी मंदिर लाया गया। जहां पंच ब्राह्मण एवं श्री तुंगनाथ मंदिर के लिखवार पंडित जगदंबा प्रसाद बेंजवाल द्वारा पंचांग गणना के उपरांत मां भगवती चंडिका के ब्रह्म आगमन दर्शन हेतु शुभ मुहूर्त, शुभ तिथि और शुभ वार की घोषणा की गई। मूहुर्तानुसार आगामी 23 नवम्बर को ब्रह्म मुहूर्त में मां राजराजेश्वरी चण्डिका के ब्रह्म दर्शन होंगे, जिसके बाद देवी देवरा के लिए प्रस्थान करेगी।
इस घोषणा के साथ ही 25 वर्षों बाद आयोजित होने वाली मां चंडिका बन्याथ यात्रा की आधिकारिक तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष मानवेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद होने जा रहे इस भव्य आयोजन को लेकर संपूर्ण पंचकोटी क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु मां भगवती के ब्रह्म दर्शन के लिए उत्सुक हैं।आज के कार्यक्रम के दौरान मां भगवती का नया काष्ठ विग्रह भी विशेष दर्शन के लिए बाहर लाया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पंचकोटी गांवों के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर समिति के सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया क्षेत्र में अब मां चंडिका के आगामी बन्याथ यात्रा पर्व को लेकर अगाध उत्साह और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है। 
इस अवसर पर पंचकोटी ब्राह्मण समिति बेंजी के पंडित नीलकंठ बेंजवाल, पं कैलाश बेंजवाल, पं संदीप बेंजवाल, पं अनसूया प्रसाद बेंजवाल, पं जयदत्त बेंजवाल, पं कृष्णा बेंजवाल, श्री तुंगनाथ मंदिर पुजारी विश्वम्भर भट्ट, त्रिलोचन भट्ट ब्राह्मण उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिला मंगल दल फलासी की संपूर्ण सदस्या, मंदिर समिति से प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा, कोषाध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी, रणजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी, प्रधान अखिलेश नेगी (तड़ाग), प्रधान आज़ाद सिंह खत्री (उर्खोली), प्रधान दिलीप सिंह सजवान (कोल्लू), वीर सिंह सहित पंचकोटी गांवों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Read Also This:
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
मां चंडिका मंदिर फलासी में बन्याथ यात्रा का शुभ मुहूर्त घोषित, 25 वर्षों बाद फिर गूंजेगा भक्तिरस का पर्व
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129








