दस्तक पहाड न्यूज चमोली। जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पोखरी विकासखंड के अंतर्गत देवखाल के समीप हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में आग लग गई और कार जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, पाब ग्राम (पोखरी) निवासी अनीता देवी अपने मायके देवखाल आई हुई थीं। दोपहर बाद वह अपने पति और बच्चों के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान देवखाल से करीब 200 मीटर की दूरी पर उनकी कार अचानक गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार में आग लग चुकी थी। हादसे में अनीता देवी (पत्नी अरविन्द त्रिपाठी), अरविन्द त्रिपाठी, और उनका पुत्र अनंत त्रिपाठी की

Featured Image

मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा बेटा अम्बुज त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार ने तत्काल पुलिस प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू में मदद की। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतका अनीता देवी के मायके में मातम छा गया है, वहीं ग्राम पाब और आसपास के गांवों में भी गमगीन माहौल बना हुआ है।