खेल जगत में रुद्रप्रयाग की ऐतिहासिक उपलब्धि, कबड्डी में एनआईएस की उपाधि प्राप्त करने वाली उत्तराखण्ड की पहली महिला बनीं शेखा मेहरा
1 min read16/11/2025 5:33 pm

हरीश गुसांई / अगस्त्यमुनि।
दस्तक पहाड न्यूज ब्यूरो। पर्वतीय प्रदेश उत्तराखण्ड की बेटियों ने सदैव चुनौतियों को अवसरों में बदलकर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। इसी कड़ी में जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक अंतर्गत लुठियाग (चिरबिटिया) गांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कु0 शेखा मेहरा ने कबड्डी में एनआईएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स) प्रशिक्षण पूर्ण कर उत्तराखण्ड की पहली महिला एनआईएस कबड्डी प्रशिक्षक बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल जनपद, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है। नेताजी सुभाष राष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान बेंगलुरू से प्रशिक्षित शेखा मेहरा ने सीमित संसाधनों एवं ग्रामीण परिवेश में पलकर अपनी मेहनत, लगन और जुझारू भावना के दम पर खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। शेखा ने उत्तराखण्ड की ओर से जूनियर अण्डर-20 बालिका वर्ग एवं दो बार सीनियर महिला वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे उन्हें राज्य की शीर्ष महिला कबड्डी खिलाड़ियों में शुमार किया जाने लगा। शेखा ने केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर से बी.एससी. तथा बीपीएड दोनों परीक्षाएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में निरंतर श्रेष्ठता का परिचय दिया। वर्तमान में वह उत्तराखण्ड महिला टीम को हरिद्वार स्थित नेशनल कैम्प में प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं, जो उनकी कोचिंग क्षमताओं को और अधिक पुष्ट करता है।
Advertisement

ग्रामीण क्षेत्र में सीमित सुविधाओं के बावजूद शेखा ने अपने खेल के प्रति समर्पण और विश्वास को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। उनके पिता शैलेन्द्र मेहरा, जो चिरबिटिया डाकघर में पोस्टमास्टर हैं, तथा माता मुन्नी देवी, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, ने सदैव अपनी पुत्री को सकारात्मक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान किया। यही मजबूत पारिवारिक आधार आज उनकी सफलता की प्रमुख कुंजी साबित हुआ है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि शेखा आगामी समय में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखती हैं।
Read Also This:
शेखा ने अपनी उस उपलब्धि पर कहा कि यदि मन में लक्ष्य स्पष्ट और मेहनत सच्ची हो, तो पहाड़ की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। लक्ष्य पर विश्वास और संघर्ष की निरंतर यात्रा ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। शेखा मेहरा ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि अवसर की कमी कभी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनती। दृढ़ विश्वास, अथक परिश्रम और निरन्तर प्रयास से हर लक्ष्य संभव है। शेखा आज उत्तराखंड की नहीं बल्कि पूरे देश की प्रेरणा हैं।
कबड्डी एसोसिएशन के प्रान्तीय उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह रौथाण और रुद्रप्रयाग जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेन्द्र बर्त्वाल ने शेखा को महिला कबड्डी की प्रेरक मिसाल बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। इसके अतिरिक्त जिला क्रीड़ाधिकारी मनोज चौहान, राबाइका प्रधानाचार्य रागिनी नेगी, अऊ राइका प्रधानाचार्य संजय सजवाण, कबड्डी एसोसिएशन सचिव अंकित रौथाण, नागेन्द्र कण्डारी, जिला क्रीड़ा समन्वयक शिवसिंह नेगी, नवेन्दु रावत, पंकज जोशी, भानुप्रताप रावत, प्रेम सिंह नेगी, प्रकाश जगवाण, प्रवीण लाल, रीना बागड़ी, शेर मोहम्मद, योगम्बर कण्डारी, सहित अनेक प्रशिक्षकों व खेल प्रेमियों ने शेखा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
खेल जगत में रुद्रप्रयाग की ऐतिहासिक उपलब्धि, कबड्डी में एनआईएस की उपाधि प्राप्त करने वाली उत्तराखण्ड की पहली महिला बनीं शेखा मेहरा
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129









