दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि । रविवार को सिल्ला गाँव स्थित प्राचीन श्री शाणेश्वर महाराज मंदिर में शाणेश्वर मंदिर समिति की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद पुरोहित की अध्यक्षता में आहूत की गई। बैठक में आगामी माघ मास में आयोजित होने वाले यज्ञ की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से आयोजन की तिथियों का निर्धारण किया गया। पंडित विश्वम्बर दत्त नौटियाल द्वारा मुहूर्त घोषणा करते हुए बताया कि आगामी माघ 13, प्रविष्टे 26 जनवरी 2026 को श्री शाणेश्वर महाराज की चल

Featured Image

विग्रह डोली को गर्भगृह से निकाला जाएगा। भक्तों को दर्शन देकर डोली यज्ञ का विधिवत शुभारंभ करेगी। यज्ञ के साथ प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 3 बजे तक श्रीमद्भागवत एवं देवी भागवत कथा का वाचन भी होगा। कथा व्यास के रूप में राजेन्द्र प्रसाद पुरोहित और शुकदेव प्रसाद नौटियाल अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और ज्ञान का संदेश देंगे। कार्यक्रम के अनुसार 2 फरवरी 2026 को पारंपरिक जलयात्रा कार्यक्रम तथा 3 फरवरी 2026 को यज्ञ एवं कथा की पूर्णाहुति संपन्न की जाएगी। इसी दिन महाराज जी अपनी गद्दीस्थल में पुनः विराजमान हो जाएंगे। इस अवसर पर अनसूया प्रसाद नौटियाल, पूर्व प्रधानाचार्य महावीर रावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश गुसाईं, सचिव नरेन्द्र सिंह रावत, बीरपाल रावत, संतोष रावत सहित युवक मंगल दल व मंगल दल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।क्षेत्रवासियों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।