अगस्त्यमुनि। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा जनपद के समस्त पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT), हरिद्वार के माध्यम से संचालित किया जाएगा। सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अनसूया सिंह विष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत यह एक वर्षीय कंप्यूटर प्रशिक्षण कोर्स

Featured Image

दिनांक 22 दिसंबर 2025 से प्रारंभ किया जाएगा। जनपद रुद्रप्रयाग के लिए चयनित प्रशिक्षण केंद्र आर टेक आईटी एकेडमी, विजयनगर वार्ड, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड) निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण हेतु इच्छुक पूर्व सैनिक, सैनिक विधवाएं एवं उनके आश्रित दिनांक 20 दिसंबर 2025 तक अपने आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, रुद्रप्रयाग में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ डिस्चार्ज बुक की छायाप्रति, जिसमें अभ्यर्थी का नाम दर्ज हो, संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। जिला सैनिक कल्याण विभाग ने जनपद के अधिक से अधिक पात्र पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों से इस निःशुल्क प्रशिक्षण योजना का लाभ उठाने की अपील की है।