दस्तक पहाड़ न्यूज। अगस्त्यमुनि। उत्तरांचल उत्थान परिषद के तत्वावधान में रुद्रप्रयाग जनपद के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का युवा पंचायत जनप्रतिनिधि सम्मेलन गणपति पैलेस, अगस्त्यमुनि में भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में जिले भर से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने पर मंथन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. शैलेन्द्र, प्रांत प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायती राज लोकतंत्र की

Featured Image

सबसे मजबूत इकाई है। उन्होंने कहा कि “ग्राम स्तर पर ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा भाव से किया गया कार्य ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखता है। युवा जनप्रतिनिधियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना चाहिए।” उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, संस्कृति संरक्षण और आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पूनम कठैत, अध्यक्ष जिला पंचायत रुद्रप्रयाग ने कहा कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए यह सम्मेलन मार्गदर्शक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा, “पंचायत प्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच सेतु होते हैं। हमें मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और स्वरोजगार जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करना होगा।” मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आशा नौटियाल, विधायक केदारनाथ ने कहा कि ग्रामीण विकास में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से योजनाओं की सही जानकारी लेकर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं भरत सिंह चौधरी, विधायक रुद्रप्रयाग ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सफल होंगी जब पंचायत स्तर पर सक्रिय और जिम्मेदार नेतृत्व होगा। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने सम्मेलन का संचालन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से जनप्रतिनिधियों को अपने कर्तव्यों, अधिकारों और विकास की दिशा को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रांत सेवा प्रमुख पवन कुमार, मनोज कुमार विभाग प्रचारक, पंकज गड़िया जिला प्रचारक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी, जिला पंचायत सदस्य गम्भीर विष्ट, निर्मला बहुगुणा, अमित मैखण्डी, ब्लाक प्रमुख भुवनेश्वर देवी सहित जिले के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख तथा प्रधान संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन में पंचायतों को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और ग्रामीण विकास को गति देने पर व्यापक चर्चा की गई।