अगस्त्यमुनि स्टेडियम निर्माण विरोध दूसरे दिन भी उग्र, गेट बंद कर प्रशासन ने कराया काम, जेसीबी के सामने धरने पर बैठे ग्रामीण
1 min read16/12/2025 6:57 pm
दस्तक पहाड़ न्यूज। अगस्त्यमुनि।
अगस्त्यमुनि में प्रस्तावित स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण को लेकर चल रहा विरोध आंदोलन दूसरे दिन और अधिक उग्र हो गया। प्रशासन द्वारा निर्माण स्थल का मुख्य गेट बंद कर अंदर कार्य कराए जाने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
Advertisement

Advertisement

आक्रोशित ग्रामीणों ने गेट खोलने की मांग की, जिस पर पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक और भारी धक्का-मुक्की हुई। इसके बावजूद जब गेट नहीं खोला गया तो आंदोलनकारी दूसरे रास्ते से निर्माण स्थल के भीतर प्रवेश कर गए। अंदर पहुंचते ही ग्रामीण जेसीबी मशीन के सामने खड़े हो गए और वहीं धरने पर बैठ गए, जिससे निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया।
Read Also This:
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक स्टेडियम निर्माण पूरी तरह बंद नहीं किया जाता, तब तक किसी भी हालत में मशीनें नहीं चलने दी जाएंगी। इस दौरान आंदोलनकारियों ने आर-पार की लड़ाई का शंखनाद करते हुए आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने की घोषणा की।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे त्रिभुवन चौहान, अनिल बैंजवाल, राजेश बैंजवाल, भूपेंद्र बैंजवाल, उदयप्रताप सिंह, वैष्णी देवी सेमवाल, ऊमा कैतुरा, दीपा देवी और सर्वेश्वरी गुसाईं आदि ने कहा कि अगस्त्यमुनि का यह मैदान मुनि महाराज और अगस्त्य ऋषि से जुड़ा पवित्र, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल है। यह मैदान वर्षों से स्थानीय लोगों की आस्था, परंपरा और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र रहा है।
उन्होंने कहा कि बिना जनसहमति और स्थानीय भावनाओं की अनदेखी कर प्रशासन द्वारा जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि गेट बंद कर अंदर काम कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य तत्काल बंद नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र किया जाएगा।
रुद्रप्रयाग प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने बताया कि निर्माण कार्य शासन की स्वीकृति और तय मानकों के अनुसार किया जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले से जिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
अगस्त्यमुनि स्टेडियम निर्माण विरोध दूसरे दिन भी उग्र, गेट बंद कर प्रशासन ने कराया काम, जेसीबी के सामने धरने पर बैठे ग्रामीण
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129










