वन कर्मियों को रस्सियों से बांधा, 02 घंटे तक बनाया बंधक, विभाग की सुस्ती से आक्रोशित हुए ग्रामीण
1 min read02/01/2026 2:25 pm

दस्तक पहाड न्यूज चमोली।।
चमोली जनपद के उजिटिया गांव में गुलदार के लगातार हमलों से आक्रोशित ग्रामीणों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। मवेशियों के शिकार की सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने एक फॉरेस्टर समेत 06 वनकर्मियों को रस्सियों से बांधकर करीब 02 घंटे तक बंधक बनाए रखा।
Advertisement

Advertisement

उजिटिया निवासी राजेंद्र मेहरा की गोशाला में मंगलवार देर रात गुलदार घुस आया था। अंदर बंधे मवेशियों पर हमला कर उसने एक गर्भवती गाय और 02 साल के बछड़े को मार डाला। बुधवार सुबह जब राजेंद्र की पत्नी कस्तूरा देवी चारा डालने गोशाला पहुंचीं, तो खून से लथपथ दोनों मवेशियों के शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
Read Also This:
सूचना के बाद भी वन विभाग की देरी, भड़का आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई, लेकिन टीम सुबह करीब 09 बजे गांव पहुंची। इस देरी से ग्रामीणों, खासकर महिलाओं में भारी नाराजगी फैल गई। आरोप है कि विभाग का अमला केवल औपचारिकता निभाता है, जबकि ग्रामीणों की आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है। इसी गुस्से में टीम को पकड़कर रस्सियों से बांध दिया गया।
“अल्मोड़ा में त्वरित कार्रवाई, चमोली में टालमटोल क्यों?”
ग्राम प्रधान दीपा देवी और क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र नेगी ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जिले में इसी तरह की घटनाओं के बाद तुरंत पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ा गया, लेकिन उजिटिया और आसपास के गांवों में अनुमति देने में जानबूझकर देरी की जा रही है।
गुलदार का खौफ बढ़ा, नरभक्षी होने की आशंका
पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है। जिला पंचायत सदस्य सुरेश बिष्ट ने आशंका जताई कि गुलदार नरभक्षी हो सकता है। हाल के दिनों में कई घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें भंडारीखोड में तीन गायों का शिकार, उजिटिया में दिनदहाड़े पालतू कुत्ते पर हमला और रंगचौणा गांव में गोशाला के भीतर गाय के शिकार जैसी घटनाएं शामिल हैं। वहीं, कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले में भी एक सप्ताह में कई मवेशियों के मारे जाने की सूचना है।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
वन कर्मियों को रस्सियों से बांधा, 02 घंटे तक बनाया बंधक, विभाग की सुस्ती से आक्रोशित हुए ग्रामीण
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129









