दशज्यूला क्षेत्र के ग्राम क्यूड़ी मलांस में मातृशक्ति ने लिया शराबबंदी का ऐतिहासिक फैसला, उल्लंघन पर ₹21,000 लगेगा जुर्माना, परिवार और क्षेत्र में आये दिन हो रहे लड़ाई झगड़ो से परेशान होकर लिया निर्णय
1 min read11/01/2026 7:54 pm
दस्तक पहाड़ न्यूज। अगस्त्यमुनि। दशज्यूला क्षेत्र के ग्राम क्यूड़ी मलांस में ग्राम प्रधान श्रीमती चंदा देवी एवं महिला मंगल दल की अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी के नेतृत्व में गाँव को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय लिया गया है।
गाँव में रोज़ाना हो रहे आपसी झगड़ों, घरेलू कलह और सामाजिक अव्यवस्था से तंग आकर ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब ग्राम सभा क्षेत्र में किसी भी सार्वजनिक या व्यक्तिगत स्तर पर शराब का सेवन या परोसना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। नियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर ₹21,000 का जुर्माना लगाया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती चंदा देवी ने कहा,
“शराब के कारण गाँव का माहौल लगातार बिगड़ रहा था। महिलाओं और बच्चों को इसका सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा था। ग्राम सभा के सहयोग से लिया गया यह फैसला गाँव की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सुधार के लिए आवश्यक है। इसे सख्ती से लागू किया जाएगा।”
वहीं महिला मंगल दल की अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी ने कहा,
“महिलाएं लंबे समय से शराब से होने वाली समस्याओं से जूझ रही थीं। आज गाँव ने एकजुट होकर यह साहसिक निर्णय लिया है। हमें विश्वास है कि इससे घर-परिवार और समाज दोनों सुरक्षित व खुशहाल बनेंगे।”
इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला पंचायत सदस्य श्री जयवर्धन काण्डपाल ने कहा,
“ग्राम प्रधान और महिला मंगल दल के संयुक्त प्रयासों के लिए मैं उनकी प्रशंसा करता हूँ। उनके इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं। ग्रामीण परिवेश को दूषित होने से बचाने में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। मुझे उम्मीद है कि अन्य ग्राम सभाएं भी अपने-अपने स्तर पर ऐसे निर्णयों पर विचार करेंगी।”
ग्रामीणों ने इस पहल को सामाजिक सुधार की दिशा में मील का पत्थर बताया है और उम्मीद जताई है कि इससे गाँव में शांति, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण बनेगा।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
दशज्यूला क्षेत्र के ग्राम क्यूड़ी मलांस में मातृशक्ति ने लिया शराबबंदी का ऐतिहासिक फैसला, उल्लंघन पर ₹21,000 लगेगा जुर्माना, परिवार और क्षेत्र में आये दिन हो रहे लड़ाई झगड़ो से परेशान होकर लिया निर्णय
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129











