दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। शिक्षक हितों को लेकर राजकीय शिक्षक संघ जनपद रुद्रप्रयाग ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए 24 अक्टूबर को प्राथमिक शिक्षक संगठन की ओर से प्रस्तावित आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। संगठन ने TET की बाध्यता समाप्त करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग का समर्थन करते हुए सभी शिक्षक साथियों से एकजुट रहने की अपील की है।
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक रौथाण और जिलामंत्री शंकर भट्ट ने संयुक्त बयान में कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में व्यवस्था के नाम पर जारी होने वाले आदेशों में शिक्षकों के हितों और सेवा शर्तों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने निर्धारित मुख्यालय पर बने रहें और किसी भी दशा में मुख्यालय न छोड़ें।संगठन ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में व्यवस्था के नाम पर किसी भी स्तर से जारी निर्देशों को लेकर स्पष्टता और उचित संवाद जरूरी है। जनपदीय अधिकारियों से भी अपेक्षा जताई गई कि शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय संवेदनशीलता और न्यायसंगत दृष्टिकोण अपनाया जाए।राजकीय शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि किसी शिक्षक साथी के साथ अनुचित कार्रवाई या उत्पीड़न की स्थिति सामने आती है तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक तरीके से निर्णायक संघर्ष करने की बात भी कही गई।संगठन ने अपने संदेश में कहा, “एकजुट शिक्षक, मजबूत संगठन। शिक्षक हित सर्वोपरि, अन्याय के विरुद्ध निर्णायक संघर्ष।” जिलाध्यक्ष आलोक रौथाण, जिलामंत्री शंकर भट्ट एवं समस्त कार्यकारिणी ने शिक्षकों से एकजुट होकर संगठन के साथ खड़े रहने का आह्वान किया।










