दस्तक पहाड न्यूज  / अगस्त्यमुनि विकास खण्ड अगस्त्यमुनि के पैलिंग गाँव में 41 साल बाद नाग-सिद्धवा नृत्य व नागलीला का आयोजन किया गया। देव जागरी विक्रम सिंह नेगी ने नाग देवताओं के आवाहन गीतों से पौराणिक परंपराओं को उल्लेखित किया वही ग्रामीणों द्वारा भी भक्त प्रह्लाद, श्री नृसिंह अवतार, श्रीकृष्ण जन्म, वृन्दावन लीला, कालिया दमन लीला, कंस वध लीला आदि का लोक परंपरानुसार मंचन किया गया। बरसों बाद हो रहे इस नृत्य को देखने दूर दूर से ग्रामीण और धियाणियाँ पहुंची। आयोजन समिति द्वारा गाँव की

Featured Image

समस्त धियाणियो़ं को स्मृति चिह्न व अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। धियाणियो़ं ने कहा कि इतना बेहतर सम्मान आजतक ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में कभी नहीं हुआ है। इस हेतु सभी ने मैतियों का आभार व्यक्त किया। नम आँखों से धियाणियों को विदायी दी गई। इस अवसर पर बाहर रह रहे ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी संस्कृति व परम्पराओं पर विश्वास रखते हुए तन मन व धन से सहयोग किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य परकण्डी वार्ड रीना विष्ट ने इस धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए गाँव वालों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति व लोक परम्पराओं के संरक्षण व संवर्द्धन में क्षेत्र में ग्राम पैलिंग का उल्लेखनीय योगदान है। उन्होंने पैलिंग गाँव के श्री क्षेत्रपाल मन्दिर में भोगमण्डी बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम में पहुँचे केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत के प्रतिनिधि विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि माननीय विधायक जी ने सड़क के डामरीकरण के लिए लोकनिर्माण विभाग से छ: करोड़ की डी पी आर बनवाकर शासन को भेज दी है। शीघ्र ही सड़क डामरीकरण का कार्य प्रारम्भ किया जायेगा। माननीय विधायक द्वारा इस अवसर पर पैलिंग गाँव में पंचायत भवन के लिए 5 लाख की धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई है। इस सुअवसर पर श्री भूतनाथ सांस्कृतिक कला मंच एवं जन सेवा समिति ग्राम पैलिंग द्वारा स्व० श्रीमती सुन्दरी देवी धर्मपत्नी स्व० श्री ज्ञान सिंह नेगी को मरणोपरान्त केदार घाटी उत्कृष्ट सेवा सम्मान 2022-23 से भी सम्मानित किया गया। स्व० श्रीमती सुन्दरी देवी का एक कुशल धाय (जच्चा-बच्चा सुरक्षार्थ) के रूप में बहुत बड़ा योगदान उस समय में रहा है जब सड़कें व अस्पतालों की संख्या नगण्य होती थी। ऐसे समय में आपके द्वारा जच्चा-बच्चा दोनों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा कर जीवन बचाने में सफल रही हैं, आप पेट दर्द (नाल-शूल) की भी एक कुशल वैद्य थीं। यह सम्मान माननीय विधायक प्रतिनिधि जी के कर-कमलों द्वारा उनके ज्येष्ठ पुत्र श्री अवतार सिंह नेगी व उनके छोटे पुत्र श्री प्रताप सिंह नेगी जी को दिया गया। आयोजन में धियाणियो़ं व अतिथियों हेतु स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट की व्यवस्था सर्व सुदर्शन सिंह नेगी, जगदीश सिंह नेगी, श्रीमती मन्दोदरी देवी, मुकेश सिंह, राहुल सिंह, भरत सिंह नेगी (मध्यप्रदेश), भूपेन्द्र राणा, डाॅ० धीरेन्द्र सिंह राणा, माधव सिंह नेगी, प्रदीप सिंह नेगी व लक्ष्मण सिंह नेगी द्वारा की गई। कार्यक्रम के समापन पर नागनृत्य समिति के अध्यक्ष राहुल नेगी, ग्राम प्रधान श्रीमती सावित्री नेगी, वन पंचायत सरपंच महावीर सिंह नेगी, महिला महिला अध्यक्षा श्रीमती प्रियंका नेगी, कीर्तन मण्डली अध्यक्षा श्रीमती सरस्वती नेगी, भूतनाथ सांस्कृतिक कला मंच के अध्यक्ष गौर सिंह नेगी व नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष हिम्मत नेगी ने सभी के सहयोग की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद प्रसाद सेमवाल, सत्येन्द्र रावत (क्षेत्र पंचायत सदस्य) परकण्डी वार्ड, हर्षवर्द्धन सेमवाल (ग्राम प्रधान उथिण्ड), विजयपाल सिंह नेगी जी(ग्राम प्रधान मक्कूमठ), हर्षवर्द्धन बेंजवाल (मेला संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता) अगस्त्यमुनि, हरिहर रावत (पूर्व व्यापार संघ उपाध्यक्ष) अगस्त्यमुनि, मनोज राणा (पूर्व व्यापार संघ सचिव) अगस्त्यमुनि, सामाजिक कार्यकर्ता वासुदेव नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भींगी जयकृत सिंह कुंवर, सामाजिक कार्यकर्ता गजेन्द्र सिंह चौधरी, महिला मंगल दल एवं कीर्तन मण्डली के पदाधिकारी, ठाण्ड, धरसाल, औरिंग, उथिण्ड, परकण्डी, धारसिल, ककोला आदि ने उपस्थित होकर अपनी लोक संस्कृति व लोक परम्पराओं के प्रति आस्था का भाव जगाया।