मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए 29 नवंबर से राज्य में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. वर्षा और हिमपात से तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी

Featured Image

दस्तक पहाड न्यूज  / अगस्त्यमुनि।। उत्तराखंड में पहाड़ी जिलों में लगातार शुष्क मौसम से पूरे प्रदेश में सूखी ठंड पढ़ रही है। पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है, लिहाजा तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। सुबह और शाम के वक्त ही ठिठुरन वाली सर्दी महसूस हो रही है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए 29 नवंबर से राज्य में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वर्षा और हिमपात से तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। आज यानी 28 नवंबर के मौसम की बात करें, तो सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।. मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। बुधवार को देहरादून का एयर क्वालिटी इंडेक्स (Dehradun AQI) 101 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। बीमारियों से ऐसे बचें सूखी ठंड के कारण कई जिलों में बच्चे और बुजुर्ग लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इन दिनों ज्यादातर बच्चे कोल्ड डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। इस मौसम में बाहर का खानपान भी जितना अवॉयड करें उतना बढ़िया। हेल्थी डाइट लें। भोजन में इम्युनिटी बढ़ाने वाले फल और सब्जियां शामिल करें। सुबह के समय वॉक पर न जाएं, गर्म कपड़े पहनें, एक्सरसाइज और योग करते रहें। तापमान की ये है ताजा स्थिति बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय पर्वतीय क्षेत्रों में भी सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। शुक्रवार के बाद हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता हो सकती है। इससे कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना भी है। मौसम की बेरुखी के चलते नवंबर महीने की समाप्ति के समय भी लोग गर्मी झेल रहे हैं। नवंबर में दिन के समय गर्मी और सुबह शाम ठंड ने लोगों को परेशान किया हुआ है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी और सुबह शाम भारी ठंड हो रही है।