दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग।। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए एक अहम सूचना है। रुद्रप्रयाग प्रशासन ने मुनकुटिया सिंकिंग जोन में स्केलिंग कार्य के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 (पूर्वत: 109) पर 16 जुलाई 2025 से 15 दिनों तक दैनिक यातायात रोकने का निर्णय लिया है। यह मार्ग प्रतिदिन दोपहर 4:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक बंद रहेगा। जानकारी के अनुसार, मुनकुटिया क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण चट्टानों के खिसकने और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से स्थिति बेहद संवेदनशील और खतरनाक हो

Featured Image

गई है। इससे न केवल राजमार्ग बाधित हो रहा है, बल्कि यात्रियों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है। विशेष रूप से पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही में जोखिम उत्पन्न हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मार्ग श्री केदारनाथ धाम को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है और सुरक्षा की दृष्टि से स्केलिंग (चट्टानें हटाने) का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता पर कराना अनिवार्य है। इस कारण रोड क्लोजर की आवश्यकता पड़ी है। प्रशासन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि स्केलिंग कार्य की वास्तविक स्थिति के अनुसार ही यातायात पर नियंत्रण की अवधि में आवश्यकतानुसार परिवर्तन हो सकता है। सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को अग्रिम सूचना दे दी गई है।