दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग।। रुद्रप्रयाग पुलिस ने कड़ी मेहनत और लगातार खोजबीन के बाद राजराजेश्वरी मंदिर कंडारा में चोरी और पुजारी से मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बागेश्वर जिले से दबोचा। पुलिस के अनुसार घटना 10 सितंबर 2025 की रात की है, जब थाना अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत कंडारा गांव स्थित राजराजेश्वरी मंदिर में चोरी का प्रयास किया गया। इस दौरान मंदिर के पुजारी पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर चोटें भी पहुंचाई गईं। घटना के बाद से ही आरोपी

Featured Image

फरार चल रहा था और रुद्रप्रयाग पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, एल.एफ.एम. संतोष गुसाईं, आरक्षी रविन्द्र सिंह, विनय पंवार की पुलिस टीम ने लगातार सुरागों को खंगालते हुए आखिरकार आरोपी को बागेश्वर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त हयात सिंह पुत्र जय सिंह ग्राम नामचो, चेटाबगड़, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर का निवासी है और वर्तमान में किरायेदार शेर सिंह, ब्लॉक ऑफिस के पास, कठैतवाड़ा, बागेश्वर में रह रहा था। वहां इसका आधार कार्ड बनाने का सेंटर है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है। वही पुलिस द्वारा आरोपी की धरपकड़ से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है।