दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि। भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जा रहे "आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के तहत केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के सौड़ी में सोमवार को विशाल सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ‘मेक इन इंडिया’ अभियान, हस्तनिर्मित एवं स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन, स्वरोजगार सृजन और ग्रामीण विकास पर विस्तार से चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं ने गाँव-गाँव तक स्वरोजगार के अवसर पैदा किए हैं। आज ज़रूरत है कि हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को

Featured Image

अपनाकर देश की आर्थिक मज़बूती में अपना योगदान दे। कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा “आत्मनिर्भर भारत अभियान न केवल आर्थिक स्वावलंबन का प्रतीक है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास का मार्ग भी प्रशस्त करता है। केदारघाटी की महिलाएँ होमस्टे, सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन, डेरी फार्मिंग के साथ-साथ हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं, सरकार भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से इन्हें लाभान्वित कर रही है। कार्यक्रम के अंत में स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। कार्यक्रम के संयोजक विनोद देवशाली, संचालन राय सिंह रावत, अरुण चमोली ने किया।अगस्त्यमुनि नगर मंडल अध्यक्ष मनोज राणा, महामंत्री त्रिभुवन सिंह नेगी, डॉ बलबीर लाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मौजूद रहे।