
दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रायड़ी में स्कूल मार्ग पर बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर ग्राम प्रधान ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान द्वारा थाना अगस्त्यमुनि को लिखित पत्र प्रेषित किया गया है।पत्र के अनुसार, रायड़ी-बुराडा विद्यालय रोड पर आए दिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीना, गंदगी फैलाना तथा वहां से गुजरने वाली महिलाओं और छात्राओं के लिए असहज माहौल पैदा किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण बन रहा है।ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि यह क्षेत्र विद्यालय के निकट होने के कारण बच्चों और अभिभावकों के लिए विशेष रूप से संवेदनशील है। ऐसी गतिविधियों से न केवल सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों में आक्रोश भी बढ़ रहा है।
ग्राम प्रधान सुधाता देवी ने कहा, “हमारे गांव के स्कूल मार्ग पर इस तरह की गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं। इससे बच्चों, महिलाओं और अभिभावकों को परेशानी हो रही है। हमने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस क्षेत्र में नियमित गश्त की जाए और जरूरत पड़े तो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जा सके।”प्रधान ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में समय-समय पर गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।











