विनोद नौटियाल / ऊखीमठ।। दस्तक पहाड न्यूज । ऊखीमठ तहसील के पैंज गाँव निवासी मंजीत सिंह पुष्पवान का चयन तेल अवीव विश्वविद्यालय इजराइल में पोस्ट डॉक्टरल वैज्ञानिक के लिए हुआ है।उनके चयन से जहां गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय निवासियों का कहना है कि उनके चयन से क्षेत्र और जनपद का गौरव बढा है।  तहसील मुख्यालय के समीपवर्ती पैंज गाँव निवासी 30 वर्षीय मंजीत सिंह पुष्पवान प्रधान संगठन के ब्लॉक संरक्षक सन्दीप पुष्पवान के छोटे भाई हैं।

Featured Image

15 अक्टूबर 1994 को एक साधारण परिवार में जन्मे मंजीत सिंह पुष्पवान की माता श्रीमती इन्द्रा देवी पूर्व में प्रधान पद पर रहकर वर्तमान में वन पंचायत सरपंच हैं,जबकि पिता शंकर सिंह पुष्पवान सेना से रिटायर हैं। मंजीत सिंह पुष्पवान ने प्रारंभिक शिक्षा प्राइमरी स्कूल पैंज से प्राप्त की तथा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई जीआईसी ऊखीमठ से पूरी की। 2009 में वह इंटरमीडिएट परीक्षा के अपने पहले प्रयास में असफल रहे, यही उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ था। उन्होंने इस असफलता को एक चुनौती के रूप में लिया और अगले वर्ष 2010 में वह उत्तराखंड बोर्ड के शीर्ष छात्रों में से एक थे। उच्च शिक्षा के लिए 2010 में उनका चयन इंस्पायर फेलो के लिए हुआ तथा उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर से शुरू की! 2011 में उन्होंने बीएससी प्रथम वर्ष में प्रथम स्थान हासिल किया। 2013 में उन्होंने स्नातक की डिग्री और 2015 में रसायन विज्ञान में मास्टर डिग्री गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर से पूरी की। मास्टर डिग्री के बाद, कैंपस सेलेक्शन के जरिए उन्हें अजीम प्रेम फाउंडेशन में काम करने का मौका मिला। नेट-जेआरएफ और गेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद, 2017 में वह पीएचडी के लिए भारत के सर्वश्रेष्ठ शोध संस्थान (आईआईएसईआर पुणे) में शामिल हो गए, जहां उन्होंने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पीयर-जर्नल में 10 शोध पत्र प्रकाशित किए। अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ वह बचपन से ही सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी थे और उन्होंने आई आई एस एम 2019 में राष्ट्रीय स्तर पर आई आई एस ई आर पुणे का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने रसायन विज्ञान में 2024 में पीएच.डी. की डिग्री प्राप्त की। उनके शोध कार्य के आधार पर, उन्हें रसायन-जीव विज्ञान में तेल-अवीव विश्वविद्यालय इज़राइल में पोस्ट-डॉक्टरल वैज्ञानिक के रूप में चुना गया है।