दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। अगस्त्यमुनि विकासखंड की ग्राम पंचायत जहंगी में इस बार भी लोकतंत्र की मिसाल पेश करते हुए ग्रामवासियों ने आपसी सहमति से रेखा देवी को निर्विरोध प्रधान चुना है। रेखा देवी के निर्विरोध निर्वाचन पर गांव में खुशी का माहौल है। अगस्त्यमुनि विकासखण्ड मुख्यालय में ग्रामीणों के साथ पहुंची रेखा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। ग्रामीणों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत कर निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई दी। ग्राम प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी

Featured Image

ने इसे एक सकारात्मक परंपरा बताते हुए हर्ष जताया। उन्होंने कहा कि "जहंगी गांव में लगातार निर्विरोध प्रधान चुने जा रहे हैं, यह गांव की एकता और जागरूकता को दर्शाता है।" यह परंपरा समस्त क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने बताया कि पूर्व में देवेन्द्र सिंह नेगी, संतोषी देवी, विक्रम सिंह नेगी, और माधुरी नेगी को जनता ने सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रधान बनाया है, इस बार विकास की एक रुप रेखा को तय करते हुए रेखा देवी को निर्विरोध चुना गया है। ग्रामीण ताजबर सिंह नेगी ने कहा गांव में हमारे गांव में सर्व सम्मति से जनप्रतिनिधि का चयन लंबे समय से हो रहा है, इससे विकास कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित करने में मदद मिली। यह परंपरा आगे भी कायम रहेगी। वहीं, वीरांगना संस्था की अध्यक्ष माधुरी नेगी ने रेखा देवी की प्रशंसा करते हुए कहा, "रेखा देवी पूर्व में भी गांव के हित में सक्रिय रही हैं और उनका निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि गांव की जनता उन पर पूरा विश्वास करती है।" निर्विरोध चुने जाने के बाद रेखा देवी ने भी समस्त ग्रामवासियों का आभार जताते हुए कहा, "यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है। मैं पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ गांव के विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दूंगी।" ग्राम पंचायत जहंगी के इस निर्विरोध चुनाव को क्षेत्र में लोकतांत्रिक सद्भाव, सामाजिक एकता और जागरूकता का उदाहरण माना जा रहा है। इस अवसर पर धीरेन्द्र सिंह नेगी, शंकर सिंह नेगी, मदनी देवी, बीना देवी, शर्मिला देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।