दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय को उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया। ई-मेल मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और न्यायालय परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। कंपाउंड को खाली कर प्रवेश निषेध कर दिया गया है।
सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिवक्ताओं को बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ते की मदद से कोर्ट परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि आज जिला न्यायालय परिसर में बार काउंसिलिंग के चुनाव भी होने थे, जिसके चलते सुबह से ही वकीलों और वाहनों की आवाजाही अधिक थी। इसी दौरान धमकी भरा ई-मेल मिलने से अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पर्वतीय क्षेत्र में पहली बार ई-मेल के जरिए न्यायालय परिसर को उड़ाने की धमकी का मामला सामने आया है। अब तक पहाड़ी क्षेत्रों में इस प्रकार की घटनाएं बहुत कम देखने को मिलती थीं। पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। फिलहाल कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और मंशा का पता लगाने के लिए साइबर टीम की भी मदद ली जा रही है।











