दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि क्षेत्र से सामने आई दो प्रेरणादायी सफलताओं ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अगस्त्यमुनि की ग्राम सभा सिल्ला के 18 वर्षीय प्रियांशु नौटियाल और तलसारी गाँव के शिवम जिरवान ने जेईई में शानदार प्रदर्शन कर न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
अगस्त्यमुनि के तलसारी गाँव निवासी शिवम जिरवान ने JEE मेन 2026 (जनवरी सत्र) में 99.08 एनटीए स्कोर हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। शिवम ने नवोदय विद्यालय जाखधार से पढ़ाई की है और दक्षिणा फाउंडेशन में अध्ययनरत है। शिवम के पिता अनिल जिरवान अगस्त्यमुनि के विजयनगर क्षेत्र में कपड़ों की छोटी दुकान चलाते हैं, उन्होंने बेटे की मेहनतऔर बाबा केदारनाथ कृपा को सफलता का आधार बताया। उनकी माता गृहणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर यह सफलता शिवम की मेहनत और परिवार के सहयोग का जीवंत उदाहरण है।
वहीं ग्राम सभा सिल्ला के 18 वर्षीय प्रियांशु नौटियाल ने JEE मेन (सेशन-1) परीक्षा में 94.51 पर्सेंटाइल प्राप्त कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जारी स्कोर कार्ड के अनुसार प्रियंशु ने भौतिकी में 98.78 पर्सेंटाइल, रसायन विज्ञान में 90.78 पर्सेंटाइल और गणित में 73.04 पर्सेंटाइल अंक हासिल किए। कुल मिलाकर उनका एनटीए स्कोर 94.518266 रहा। इससे पहले भी उन्होंने बिना किसी कोचिंग के जेईई में 95 प्रतिशत के आसपास अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि से पढ़ाई की है।
प्रियांशु की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ माता सरोजनी देवी और पिता बृज मोहन नौटियाल का निरंतर सहयोग रहा। परिजनों का कहना है कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी है। उनकी इन उपलब्धियों से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। शिक्षा विशेषज्ञों और समाज के लोगों का मानना है कि शिवम और प्रियांशु की सफलता पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि शिक्षा ही वह मजबूत आधार है, जो आने वाले भविष्य को नई दिशा दे सकता है। दोनों होनहारों को उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।











