दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। जनपद में पत्रकारिता के सामाजिक मूल्यों, जनसेवा और समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब द्वारा रुद्र गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 वर्ष–25 प्रतिभाएँ की अवधारणा के तहत किया गया। इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों से चयनित कुल 27 नामों की घोषणा की गई, जिनमें दो वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश उनियाल ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को नई ऊर्जा और पहचान देते हैं तथा युवाओं को सेवा और समर्पण के मार्ग पर प्रेरित करते हैं।रुद्रप्रयाग की 25 प्रतिभाओं का सम्मान होते देख मन गर्व और प्रेरणा से भर गया।सच्चा सम्मान वही है, जो समाज को नई ऊर्जा, नई दिशा और नए सपनों का विश्वास देता है। रुद्रप्रयाग की प्रतिभा, परिश्रम और संस्कार ही हमारी असली पहचानविशिष्ट अतिथि शिव शंकर लिंग (मुख्य पुजारी, श्री केदारनाथ धाम) ने कहा कि भगवान रुद्र के नाम पर आयोजित यह सम्मान बाबा केदारनाथ की पावन धरती पर वास्तविक प्रतिभाओं के सम्मान का प्रतीक है और यह सम्मान प्राप्त करने वालों के लिए भगवान रुद्र का आशीर्वाद है।विशिष्ट अतिथि सूचना महानिदेशक उत्तराखंड वंशीधर तिवारी ने पर्वतीय क्षेत्रों के पत्रकारों के लिए पृथक विज्ञापन नीति और स्वास्थ्य बीमा जैसे विषयों पर कार्य किए जाने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रेस क्लब द्वारा रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब को संबद्धता प्रदान की गई है और भविष्य में पत्रकारहितों के लिए मिलकर प्रयास किए जाएंगे। वरिष्ठ पत्रकार राजेश बहुगुणा ने पत्रकारिता में आ रही चुनौतियों और सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि पत्रकार समाज की मुखर आवाज होते हैं और जनहित को सदैव प्राथमिकता देते हैं।
प्रेस क्लब समिति के अध्यक्ष कुलदीप राणा आज़ाद ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव, मानवीय मूल्यों और जनहित के कार्यों को पहचान दिलाना भी उसका दायित्व है। उन्होंने बताया कि रुद्र गौरव सम्मान के माध्यम से आपदा राहत, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण, संस्कृति, आजीविका और सामाजिक सुधार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जा रहा है।
इस वर्ष वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध पत्रकार रमेश पहाड़ी और रमेश उत्तराखंडी को जनपक्षीय एवं समर्पित पत्रकारिता के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी, विक्रांत भण्डारी, उन्नति सहकारी समिति (ग्राम नारी सतेराखाल), कुंवर सिंह राणा, जय केदार कला मंच (अगस्त्यमुनि), नितिन एकेडमी (अगस्त्यमुनि), श्रीमती रंजना गैरोला भट्ट, सीडीआरएफ/डीडीआरएफ, आदित्य जगवाण, डॉ. एस. कटारा, मुकेश बिष्ट, रोहन राणा, अश्विनी गौड़, डॉ. जगमोहन सिंह रावत, ओम प्रकाश कोठारी, भरत सिंह चौधरी, अंशिका जग्गी, शेखा मेहरा, प्रशांत बिष्ट, इंदु देवी, अमित मैखण्डी, प्रेमलाल भारती, पत्रकार विनय बहुगुणा, कलावती बिष्ट, डॉ. दिलीप सिंह बिष्ट तथा महिला मंगल दल क्यूडी (ग्राम क्यूडी मलांस) को रुद्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग, अनूप नेगी मेमोरियल इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा। समारोह में जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार, पूर्व सदस्य विनोद राणा, वीरेश्वर तोमर (जिला सूचना अधिकारी), योगेश सेमवाल (सचिव, उत्तराखंड प्रेस क्लब) सहित मनीष डंगवाल, राजेश बहुगुणा, दीपक कैंतुरा, चमोली से पत्रकार संदीप बर्त्वाल, भानु प्रकाश नेगी, संतोष नेगी मौजूद रहे। रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब समिति से भूपेंद्र भण्डारी, हरीश गुसाईं, अनसूया प्रसाद मलासी, प्रकाश रावत, मानवीरेंद्र बर्त्वाल, सतीश भट्ट, दीपक बेंजवाल, शिवानंद नौटियाल, भानू प्रकाश भट्ट, सोनाली बर्त्वाल, मंजू राणा के साथ वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, भगत चौहान, दीपक बिष्ट, नितिन जमलोकी, राजकीय शिक्षक संघ के महामंत्री शंकर भट्ट, वीरागंना समूह की सत्येश्वरी रौथाण ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार कालिका काण्डपाल द्वारा किया गया।रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब का यह आयोजन जनपद में सकारात्मक कार्यों को सम्मानित कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।











