दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग।। उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट का विस्तार हो गया। राजधानी देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पांच विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार को राज्य की राजनीति में अहम कदम माना जा रहा है।
राज्यपाल ने दिलाई शपथ : शपथ लेने वाले विधायकों में राजपुर देहरादून से खजान दास रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी हरिद्वार से मदन कौशिक रुड़की से प्रदीप बत्रा और भीमताल से राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। सभी नेताओं ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।इस कैबिनेट विस्तार के जरिए सरकार ने क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों और प्रशासनिक कार्यों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि विभिन्न जिलों और सामाजिक समूहों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कैबिनेट विस्तार के बाद अब सरकार से विकास कार्यों में तेजी आने और लंबित योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विस्तार मुख्यमंत्री धामी की टीम को और मजबूत करेगा तथा राज्य में शासन और प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगा।










