दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद की ग्राम सभा पैलिंग में शुक्रवार को ग्राम प्रधान सनोज सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। यह प्रतिबंध 20 मार्च 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में आयोजित होने वाले सभी प्रकार के सार्वजनिक कार्यों जैसे विवाह समारोह, पार्टियां, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में अब शराब न तो परोसी जाएगी और न ही उसका सेवन किया जाएगा। ग्राम सभा ने इस निर्णय के पीछे सामाजिक सुरक्षा, पारिवारिक वातावरण और सांस्कृतिक मर्यादाओं को बनाए रखने की आवश्यकता को प्रमुख कारण बताया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शराब के सेवन से सामाजिक आयोजनों में अक्सर विवाद, मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसके अलावा महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा और बच्चों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया।ग्राम सभा ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या परिवार इस निर्णय का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ ₹25,000 का आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती मीनाक्षी देवी नेगी, वन पंचायत सरपंच श्री महावीर सिंह नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्षा श्रीमती प्रियंका देवी, कीर्तन मंडली अध्यक्ष श्रीमती इंदु देवी, भूतनाथ सांस्कृतिक कला मंच के अध्यक्ष पुष्कर सिंह नेगी तथा नव युवक मंगल दल अध्यक्ष अमित नेगी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने ग्रामवासियों से इस निर्णय का पालन करने और नशा मुक्त गांव के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।











