दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। नवरात्र के अंतिम दिन रुद्रप्रयाग जनपद के अरखुण्ड और पूर्वी-पश्चिमी चाका गांवों में ग्रामीणों ने शराबबंदी को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिया। मार्च माह के दौरान रुद्रप्रयाग जिले के 40 से अधिक गांवों में खासकर महिलाओं की पहल पर पूर्ण शराबबंदी के सख्त फैसले लिए गए हैं, जो समाज में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
इसी क्रम में जखोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम अरखुण्ड में ग्राम पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्षा श्रीमती ममता देवी चौहान ने की। बैठक में महिला मंगल दल, ग्राम सभा, ग्राम विकास समिति एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से गांव में शराबबंदी को लेकर कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। तय किया गया कि गांव में होने वाले सभी सामूहिक कार्यक्रमों जैसे शादी, मुण्डन, जन्मदिन, नामकरण, धार्मिक अनुष्ठान एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में पूर्ण रूप से शराब पर प्रतिबंध रहेगा। इस प्रस्ताव को सभी ग्रामीणों ने एकमत से समर्थन दिया। इसके अलावा यह भी निर्णय लिया गया कि गांव के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर यदि कोई व्यक्ति शराब पीते या उपद्रव करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही ग्राम सभा क्षेत्र में शराब बेचने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यदि कोई शराब बेचता हुआ पाया गया, तो वह भी दंड का भागी होगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि उपरोक्त किसी भी प्रस्ताव का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति से ₹11,000 का जुर्माना वसूला जाएगा। यदि कोई जुर्माना नहीं देता है, तो उसके खिलाफ सामूहिक सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा और आवश्यक होने पर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में रघुवीर सिंह राणा, हिम्मत सिंह गुसाईं, धर्मेंद्र सिंह, सुजान सिंह, आनंद सिंह झिंक्वाण, कौशल नरेश राणा, सरिता नेगी, भागा देवी बिष्ट, पूनम पडियार, सीता देवी, ऊषा देवी, कुवरी देवी राणा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामवासियों ने इस पहल को सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसका स्वागत किया। बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने प्रस्तावों पर अपने हस्ताक्षर कर सहमति जताई।









