दस्तक पहाड़ न्यूज देहरादून/रुद्रप्रयाग, 20 मार्च।।
उत्तराखंड की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग से विधायक भरत सिंह चौधरी को पुष्कर सिंह धामी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि आज प्रस्तावित कैबिनेट बैठक के बाद इस संबंध में आधिकारिक घोषणा हो सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार या पार्टी की ओर से इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिसमें भरत सिंह चौधरी का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल रहा है। पार्टी संगठन और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए उनका नाम आगे बढ़ाया जा रहा है। यदि यह फैसला अमल में आता है, तो इसका सीधा लाभ रुद्रप्रयाग और केदारनाथ क्षेत्र को मिल सकता है, जहां विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक आज सुबह आयोजित होनी है, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें देहरादून पर टिकी हुई हैं।











