दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के निर्वाचित बोर्ड का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी ने बीते एक साल में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का विवरण साझा किया। अध्यक्ष ने बताया कि नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं, जबकि अनेक कार्य प्रगति पर हैं।
अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्रांतर्गत सिल्ली से सौड़ी तक डामरीकरण का कार्य करवाया गया। वहीं अगस्त्यमुनि बाईपास मार्ग के शीघ्र पूर्ण होने हेतु भी संबंधित विभागों से समन्वय किया गया है। नगर क्षेत्र में नालियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे जल निकासी की समस्या से राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि वार्ड मरगड़, जवाहरनगर और बनियाडी वार्ड में वर्षों से चली आ रही पेयजल की गंभीर समस्या का समाधान करते हुए लाखों रुपये की लागत से पेयजल योजनाएं, टैंक निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया गया। इसके अतिरिक्त बाजार क्षेत्र व प्रमुख 4 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा गोवंशों के संरक्षण के लिए सिल्ली वार्ड में 53 गोवंश क्षमता की गौशाला का निर्माण किया गया है, जिसमें वर्तमान में 53 गोवंश संरक्षित हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त गौशाला निर्माण हेतु डीपीआर शासन को प्रेषित की गई है। अध्यक्ष ने बताया कि एक वर्ष में नगर पंचायत द्वारा लगभग 176.87 लाख रुपये के निर्माण एवं विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 74.86 लाख रुपये के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत आस्थापथ मंदिर सौंदर्यीकरण, व्यक्तिगत आवास निर्माण, स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों की स्थापना जैसे कई कार्यों को स्वीकृति मिली है।नगर क्षेत्र की स्वच्छता और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्क बेंचों की स्थापना, पिंक शौचालय निर्माण, तथा पेटा क्षेत्र में विकास कार्य भी किए गए हैं।अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी ने कहा कि नगर पंचायत अगस्त्यमुनि का उद्देश्य सभी वार्डों में समान रूप से विकास पहुंचाना है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर सभासद कमल राणा, बिक्की आनन्द सजवाण, हिमांशु भट्ट, सोनिया सजवाण, रुचि रावत, कपूरी देवी, उमा कैंतुरा, अधिशासी अधिकारी निकिता भट्ट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी, ब्लाक अध्यक्ष हरीश गुसाईं, पूर्व प्रधान संगठन ब्लाक अध्यक्ष विजयपाल राणा, पूर्व प्रधान कुंवर लाल, सावन नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











