दस्तक पहाड न्यूज देहरादून: उत्तराखंड की वादियों में एक बार फिर से बर्फ की चादर बिछने वाली है. मौसम विभाग ने आगामी 9 फरवरी से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है. ऐसे में अगर मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई तो पहाड़ फिर से सफेद नजर आ सकते हैं।लोगों को अस्पताल पहुंचा रहा मौसम: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लोगों को बीमार कर रहा है. जिसकी मुख्य वजह यही है कि जहां एक ओर दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो वहीं दूसरी ओर सुबह और शाम ठीक ठाक ठंड हो रही है. जिसके चलते अस्पतालों में सर्दी, जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
9 फरवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज: इसी बीच अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को राहत मिलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. साथ ही 9 फरवरी से प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है।उत्तराखंड में इस सीजन काफी कम बराबरी हुई है. बीती 23 जनवरी को बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ था, उस दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठीक ठाक बर्फबारी हुई थी. हालांकि, इसके बाद प्रदेश के उच्च हिमालय क्षेत्र में छिटपुट बारिश और बर्फबारी का दौर देखा गया. वहीं, एक बार फिर प्रदेश में 9 फरवरी से अगले कुछ दिनों तक हल्की फुल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
फरवरी के पहले हफ्ते में उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन कल से अगले दो से तीन दिनों तक ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा. इसके बाद 9 फरवरी से 11 फरवरी तक एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है.”- रोहित थपलियाल, मौसम वैज्ञानिक, उत्तराखंड
वहीं, मैदानी जिलों, खासकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में सुबह व रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में 11 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अगर बारिश हुई तो रबी समेत अन्य फसलों और फलों के लिए संजीवनी साबित हो सकती है।











