दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग। ग्राफ़िक एरा हॉस्पिटल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) परियोजना के तहत शुक्रवार को बैंजी काण्डई के जागतोली दशज्यूला में मोबाइल मेडिकल वैन का उद्घाटन किया गया। इसके उपरांत क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मोबाइल वैन एवं शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने किया।
इस अवसर पर जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि “सारी वार्ड के सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। मैं क्षेत्र के लोगों के लिए समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के साथ-साथ अस्थायी स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार प्रयास करता रहूंगा। ग्राफ़िक एरा हॉस्पिटल की यह पहल निश्चित रूप से ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि “ऐसे चिकित्सा शिविरों से गांवों के लोगों को समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे उन्हें छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा।”
इस दौरान दशज्यूला क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों को सामान्य चिकित्सा और नेत्र परीक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 200 से अधिक मरीजों का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 50 से अधिक मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफ़र किया गया। इन सभी मरीजों को ग्राफ़िक एरा हॉस्पिटल द्वारा अस्पताल तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों के लिए आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने सेवाएं दीं। शिविर में डॉ. रत्नेश पाठक ने चिकित्सा अधिकारी एवं जनरल फिजिशियन के रूप में, ऑप्टोमेट्रिस्ट सूरज मिश्रा ने नेत्र तकनीशियन के रूप में, भरत भूषण रावत ने फार्मासिस्ट के रूप में तथा आशीष नेगी ने लैब तकनीशियन एवं मार्केटिंग टीम से कुलदीप बिष्ट, संदीप वशिष्ठ, प्रशान्त वशिष्ठ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें ग्राम बैंजी काण्डई प्रधान सोनम नेगी, बचन सिंह नेगी, अध्यक्ष, शिव शक्ति मंदिर समिति, कालिका प्रसाद काण्डपाल, महासचिव, जागतोली दशज्यूला महोत्सव, निधे किशोर काण्डपाल तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला पुरोहित प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा भगवती प्रसाद काण्डपाल, कमल कान्त काण्डपाल, गंगा सिंह नेगी, सुदर्शन सिंह नेगी, ललित मोहन काण्डपाल, मातवर सिंह नेगी और नरेन्द्र सिंह सहित क्षेत्र के अन्य सम्मानित लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मोबाइल वैन के समन्वयक केशव मैठाणी ने कहा कि ग्राफ़िक एरा हॉस्पिटल की यह पहल गढ़वाल के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य रुद्रप्रयाग सहित गढ़वाल क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, प्रारंभिक जांच, समय पर रेफ़रल और उपचार की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सकीय परामर्श और प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल रही है।











