दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली अगस्त्यमुनि द्वारा आम नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोतवाल गुमान सिंह नेगी ने की। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कोतवाल ने बैठक में स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने अपने सुझाव रखते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। वक्ताओं ने कहा कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, जिसे शांति एवं मर्यादा के साथ मनाया जाना चाहिए। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में प्रमुख रूप से व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी, हरीश गुसाईं, अनसूया प्रसाद मलासी, हिमांशु भट्ट, श्रीनंद जमलोकी, आलोक नेगी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष विवेक बुटोला, रोहित रावत, सुनील चौहान, अनिल पुंडीर, भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष मनोज राणा, टैक्सी यूनियन चंद्रापुरी के अध्यक्ष देवेंद्र वैष्णव, वीरेंद्र चंद्रवाल, शहाबुद्दीन सिद्दीकी सहित एसआई धर्मेंद्र सिंह, पंकज सजवान आदि उपस्थित रहे।











