दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति और वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
अगस्त्यमुनि में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों की जानकारी जनता को मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और कथित षड्यंत्र में शामिल लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच के दायरे में मामले से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल किया जाना चाहिए। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी के परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से सीबीआई जांच की प्रगति और वर्तमान स्थिति को सार्वजनिक करने की मांग की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अगस्त्यमुनि हरीश गुसाईं, ब्लॉक अध्यक्ष ऊखीमठ विनोद राणा और नगर अध्यक्ष भूपेंद्र राणा मौजूद रहे।











